बिहार: CM नीतीश बोले- अब उपेंद्र कुशवाहा हैं JDU के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष, विलय के बाद फैसला
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ऐलान किया कि, उपेंद्र कुशवाहा को जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। कुशवाहा की यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की गई है। इससे दो रोज पहले ही उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली रालोसपा (आरएलएसपी) के लगभग 35 नेताओं ने लालू यादव की पार्टी राजद ज्वॉइन कर ली थी। जिसके चलते उपेंद्र कुशवाहा अकेले पड़ गए थे।

रालोसपा का जेडीयू में विलय
उपेंद्र कुशवाहा की अगुवाई में रालोसपा (आरएलएसपी) का बिहार के सत्ताधारी दल जेडीयू में विलय हो गया। जिसके उपरांत आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा को अहम जिम्मेदारी सौंपी। वहीं, उपेंद्र के नेतृत्व वाली आरएलएसपी के जद (यू) में विलय को राजद के लिए नुकसानदेह बताया जा रहा है। हालांकि, इससे पहले राजद ने दांव चलते हुए आरएलएसपी के काफी नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया था। जिसे राजद के लिए फायदेमंद बताया गया।
Recommended Video
'अब नीतीश की अगुवाई में काम करेंगे'
वहीं, रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा का कहना है कि राष्ट्र और राज्य के हित में, बिहार में समान विचारधारा वाले लोगों को एक साथ आना चाहिए। यह वर्तमान राजनीतिक स्थिति की मांग है। इसलिए राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में जद (यू) के साथ विलय का फैसला किया है। अब हम उनके साथ खड़े हैं। बता दें, कुशवाहा ने शनिवार की शाम पार्टी नेताओं के संबोधन में विलय को लेकर स्थिति लगभग स्पष्ट कर दी थी। उन्होंने कहा था कि, विधानसभा चुनाव के बाद जब हार की समीक्षा कर रहे थे, तभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का फोन आया था। फिर कई दौर की मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि जहां भी जाएंगे वहां पार्टी के साथियों का भी ध्यान रखेंगे।
मालूम हो कि, विधानसभा चुनावों के परिणाम के आने के बाद से ही उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू के प्रति नरम रवैया अख्तियार कर लिया था। उन्होंने जेडीयू के खिलाफ बयान देना भी बंद कर दिया था, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा का नीतीश कुमार के प्रति प्रेम खुलकर सबसे पहले तब सामने आया था, जब तेजस्वी यादव ने सदन में नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमला बोल दिया था। नीतीश ने सदन में गुस्से में तेजस्वी यादव को कहा था, 'तुम मेरे भाई समान दोस्त के बेटे हो, इसलिए बर्दाश्त करता हूं, क्या कोई इस तरह का बयान देता है।' नीतीश कुमार पर तेजस्वी यादव के दिए इसी बयान ने उपेंद्र कुशवाहा को नीतीश कुमार के नजदीक लाने की पहली भूमिका तैयार कर दी थी। कुशवाहा ने कहा था कि नीतीश कुमार पर इस तरह का कोई बयान देगा तो वो बर्दाश्त नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications