Tejashwi Yadav ने रक्षाबंधन पर खेला इमोशनल कार्ड, 'मेरे नाम की राखी बांधें, 70 हजार करोड़ का शगुन दूंगा'
Tejashwi Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है नेताओं और राजनीतिक दलों की ओर से ताबड़तोड़ चुनावी वादों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने राखी के त्योहार के मौके पर इमोशनल कार्ड खेला है। पिछले दो दशक से प्रदेश की महिलाएं बड़ी संख्या में नीतीश कुमार को वोट कर रही हैं और उनकी चुनावी सफलता के पीछे अहम वजह आधी आबादी से मिल रहा समर्थन भी है। अब तेजस्वी ने महिला वोटरों को आकर्षित करने के लिए बड़ा ऐलान किया है।
रक्षाबंधन के मौके पर उन्होंने एक इमोशनल कार्ड खेलते हुए प्रदेश की बहनों के नाम चिट्ठी लिखी है। तेजस्वी ने पत्र में लिखा कि आप सभी बहनों से निवेदन है कि एक राखी अपने इस भाई के नाम भी बांधिए। बिहार को अव्वल प्रदेश बनाने के लिए मुझे आप सबके सहयोग की जरूरत है। साथ ही, उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को 70 हजार करोड़ का शगुन लौटाने का भी वादा किया है।

Tejashwi Yadav ने महिलाओं के नाम लिखा खास संदेश
रक्षाबंधन के मौके पर तेजस्वी यादव ने महिलाओं को लिखे पत्र में कहा कि मैं आपसे वादा करता हूं कि पिछले 17 साल से इनकी नकारात्मक राजनीति को खत्म करके रहूंगा। साथ, ही इनके द्वारा डकारे गए 70 हज़ार करोड़ रुपयों को इनसे वापस लेने का काम किया जाएगा। दरअसल कैग रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 70,000 करोड़ रुपये का हिसाब बिहार सरकार की ओर से नहीं दिया गया है। तेजस्वी उसी रकम को वापस लौटाने की बात कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'पहले वोटर सरकार चुनते थे, अब सरकार वोटर चुनती है', बिहार में SIR के मुद्दे पर भड़के तेजस्वी यादव
महिला वोटर्स को लुभाने के लिए किया वादों का ऐलान
महिलाओं के नाम लिखे अपने पत्र में उन्होंने बेटी योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, 'आज प्रदेश की महिलाएं खुशी और उत्साह से रक्षाबंधन मना रही हैं। आज के दिन एक राखी अपने इस भाई के नाम भी बांधिए। हमने 17 महीने की सरकार में दिखा दिया कि असंभव कुछ नहीं है।' इसके आगे उन्होंने बेटी योजना के तहत बच्ची के जन्म से लेकर विवाह तक के लिए कई योजनाओं का जिक्र किया।
साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर महीने माई-बहन योजना के तहत 2500 रुपये मिलेंगे, विधवाओं की पेंशन बढ़ाकर 1500 की जाएगी। बेटियों के लिए उच्च श्रेणी के आवासीय कोचिंग संस्थान, हर इच्छुक बेटी को वर्ल्ड क्लास खेल की ट्रेनिंग और अन्य सुविधाएं, हर इच्छुक बेटी को नौकरी व रोजगार, मुफ्त परीक्षा फॉर्म, परीक्षा केंद्र तक आने जाने का मुफ्त किराया भी मिलेगा।
महिला वोट बैंक को लुभाने में जुटे तेजस्वी यादव
बिहार के चुनाव में महिलाओं का बड़ा वर्ग 2005 के चुनावों से ही नीतीश कुमार को वोट दे रहा है। तेजस्वी यादव और आरजेडी भी इस बात को समझ गए हैं कि अपने पारंपरिक MY (मुस्लिम और यादव) समीकरण में अब नए वोट जोड़ने की जरूरत है। यही वजह है कि तेजस्वी का खास फोकस महिलाओं और युवाओं पर है। हालांकि, नीतीश कुमार सरकार जिस तरीके से चुनाव से ठीक पहले तेजस्वी और विपक्ष के मुद्दों की काट के तौर पर एके के बाद एक बड़े ऐलान कर रही है, इससे चुनाव और रोचक होता जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav 2025: तेजस्वी यादव को 16 अगस्त तक जमा करना होगा अपना EPIC, चुनाव आयोग ने क्यों दिया अल्टीमेटम?












Click it and Unblock the Notifications