तेजस्वी यादव ने तेजप्रताप को दी अनुशासन की नसीहत, याद दिलाए माता-पिता के संस्कार
पटना, अगस्त 20: राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और तेजप्रताप यादव के बीच का घमासान गहरा गया है। इस झगड़े की आंच लालू परिवार के अंदर तक पहुंच गई है। तेजप्रताप ने अपने भाई तेजस्वी यादव और पार्टी प्रदेश चीफ जगदानंद सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। अब इस मामले पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है। तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप को नसीहत देते हुए उन्हें माता-पिता के संस्कार भी याद दिला दिए।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि, वह मेरे बड़े भाई हैं लेकिन हमारे माता-पिता ने हमें बड़ों की इज़्जत और सम्मान करना सिखाया है..लोगों में नाराजगी तो होती रहती है। उन्हें थोड़ा अनुशासन में रहना चाहिए। वहीं, बड़े भाई तेज प्रताप से मुलाकात ना हो पाने पर तेजस्वी ने सफाई दी है। तेजस्वी ने कहा, तेज प्रताप आये थे, हमारी उनसे मुलाकात भी हुई थी। लेकिन 4.30 बजे सोनिया गांधी की मीटिंग थी और मीटिंग में मुझे शामिल होना था।
इससे पहले तेज प्रताप शुक्रवार को तेजस्वी यादव से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनकी तेजस्वी से बातचीत नहीं हो पाई। इसके बाद तेज प्रताप तेजस्वी के सलाहकार संजय यादव पर भड़क गए थे। राबड़ी आवास के बाहर तेजप्रताप ने मीडिया से कहा कि हम दोनों भाइयों के बीच बातचीत हो रही थी। इसी बीच संजय यादव आ गए और तेजस्वी यादव को लेकर चले गए। उन्होंने कहा की संजय यादव हमको रोकने वाले कौन हैं।
उन्होंने हम दोनों भाइयों के बीच चल रही बातबीच को बीच में ही रोक दिया। तेजप्रताप ने कहा कि संजय यादव ना तो तेजस्वी से मिलने दे रहे हैं और न ही बात करने दे रहे हैं। तेज प्रताप ने कहा, वे अब पार्टी दफ्तर में ही जनता दरबार लगाएंगे। तेज प्रताप ने कहा कि जो लोग पार्टी को बदनाम कर रहे हैं, दूसरों को आगे बढ़ने से रोक रहे हैं और जल रहे हैं, उनसे वे नाराज हैं।
छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद से आकाश यादव को हटाने के बाद तेजप्रताप यादव की टिप्पणी से नाराज प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि हू इज तेजप्रताप। मैं किसी तेजप्रताप को नहीं जानता। मैं लालू प्रसाद को जानता हूं। वे मेरे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को जानता हूं। दल में हिटलर जैसे शब्दों का कोई स्थान नहीं है। संविधान से बाहर जाकर काम नहीं करता। हमने किसी को हटाया नहीं है, बल्कि छात्र राजद का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है, जो पद खाली था।












Click it and Unblock the Notifications