'बिना हमारे नहीं खुलेगा सत्ता का ताला', टाइम वेस्ट कर रहे तेजस्वी, चुनाव से पहले तेज प्रताप का बड़ा बयान
Tej Pratap Yadav: बिहार में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। हर पार्टी अपने-अपने तरीके से मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसी बीच पूर्व RJD नेता और बिहार में मंत्री रह चुके तेज प्रताप यादव का एक इंटरव्यू सुर्खियों में आ गया है। अपने बेबाक और अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले तेज प्रताप ने इस इंटरव्यू में कई अहम बातें कहीं। सरकार पर निशाना साधने के साथ-साथ उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा है। तेज प्रताप यादव के बयान अब राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बन चुकी हैं।
तेज प्रताप ने इस बातचीत में साफ किया कि इस बार का चुनाव केवल सत्ता हासिल करने की लड़ाई नहीं है, बल्कि बिहार के भविष्य और युवाओं की उम्मीदों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सीएम नीतीश और तेजस्वी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और इस बदलाव का नेतृत्व तेज प्रताप करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि युवाओं और किसानों के मुद्दे इस चुनाव में सबसे अहम होंगे।

अमर उजाला को दिए इस इंटरव्यू में उन्होंने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर को कोई गद्दी पर नहीं बैठायेगा। तेज प्रताप का कहना है कि वो बिहार की सभी सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेंगे मगर कितनी सीटों से उनके उम्मीदवार होंगे ये भी उन्होंने साफ नहीं किया। उनका कहना है कि बिहार की सत्ता की कुर्सी की चाभी उनके पास है और बिना उनके इस बार बिहार में सरकार नहीं बनेगी।
ये भी पढ़ें: Bihar Assembly Elections 2025: बिहार में कब होंगे चुनाव? क्या इस तारीख से पहले बन जाएगी नई सरकार?
'सत्ता की चाभी तेज प्रताप के पास'
कुर्सी के चार पांव में से जिसके पास एक पांव होगा उसी के पास चाभी रहेगा कुर्सी का। इस बार चाभी मेरे पास रहेगा। बिना हमारे चाभी से, बिना कृष्ण के चाभी से खुलेगा ही नहीं ताला। तेज प्रताप ने दावा किया कि इस विधानसभा चुनाव में वो किंग मेकर की भूमिका में होंगे।
SIR पर बवाल, क्या बोले तेज प्रताप?
SIR के मुद्दे को लेकर जहां RJD ने बवाल किया हुआ है वहीं RJD के पूर्व सदस्य तेज प्रताप ने इसे टाइम बर्बाद करना करार दिया है। तेज प्रताप का कहना है कि वोटर लिस्ट से नाम कट गया है तो वापस जुड़वा लीजिए, इसपर समय बर्बाद करने का कोई मतलब नहीं है।
'बदलाव का चेहरा होंगे तेज प्रताप'
तेज प्रताप ने इस बार के बिहार चुनाव में खुद को बदलाव का चेहरा बताया है। तेज प्रताप ने कहा कि वो बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। तेज प्रताप का कहना है कि इस बार के चुनाव में वो किंग मेकर की भूमिका निभाएंगे। खुद को बदलाव का चेहरा बताते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों पर कई सवाल उठाए।
'भाई को आशीर्वाद'
'भाई को आशीर्वाद है। वो अपना काम करें, आशीर्वाद है हमारा, कोई दिक्कत नहीं है।' जब तेज प्रताप से पूछा गया कि आशीर्वाद तो भाई को आपने दिया पर क्या ये जीत का आशीर्वाद है? इसपर तेज प्रताप बोले,'आशीर्वाद है, हम किसी को हार का दुख नहीं देना चाहते हैं। स्थिति ऐसी बनी हुई है। उसी के विपरीत हमको चलना पड़ता है। पहले क्या स्थिति थी ये हम नहीं जानते हैं, लेकिन अभी जो स्थिति बनी है, सत्ता तो सबको चाहिए, पॉवर तो सबको चाहिए, बिना पॉवर के बिहार तो चलेगा नहीं। उस लहजे में लड़ाई है सामने तो है लड़ाई, पारिवारिक संबंध अलग होता है, व्यक्तिगत संबंध सबसे हो सकते हैं। रिश्ते-नाते सब से हैं अच्छे, लेकिन जो लड़ाई है वो तो लड़ना पड़ेगा ना।'
'कर्म करिए, कर्म से मत भटकिए'
तेज प्रताप ने कहा, 'अपना कर्म करते रहना चाहिए, कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन, इसलिए कर्म करते रहिए, कर्म से मत भटकिए।' जब तेज प्रताप से कहा गया कि क्या ये चुनाव आपके लिए ज्यादा चुनौती भरा नहीं है? इसपर वो बोले, 'हम चुनौती नहीं मानते हैं किसी को भी। हम दमखम के साथ, एक योद्धा की तरह लड़ते हैं।' उन्होंने बिहार की जनता से अपील की कि बदलाव के लिए वोट करें। तेज प्रताप ने सत्ता और विपक्ष के बारे में बात करते हुए कहा, 'दोनों दूसरे रास्ते चले जाए, बीच में जो आएगा वही किंग मेकर कहलायेगा।'
'बिहार में नहीं है सुशासन की सरकार'
नीतीश कुमार के बारे में बात करते हुए उन्होंने बिहार की स्थिति को लेकर सवाल खड़े किए। शराबबंदी को लेकर भी उन्होंने बहुत बड़ी बात कही। उनका कहना है कि नीतीश कुमार 'फेल' हो गए हैं, उनकी शराबबंदी भी बिहार में फिसड्डी साबित हुई है। तेज प्रताप का दावा है कि बिहार में खुलेआम शराब बिक रहा है।
तेज प्रताप ने कहा,'बिहार में क्राइम बढ़ रहा है और प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठी है। खुद को सुशासन की सरकार कहने वाली सरकार एक तरफ कहती है कि शराबबंदी है और बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो रही है।' तेज प्रताप ने दावा किया कि कई IAS अधिकारी के घर अगर चेकिंग हो जाए तो वहां शराब मिलेगी, वो लोग पीते हैं।
'अब ठीक आदमी नहीं हैं नीतीश कुमार'
जब तेज प्रताप से पूछा गया कि नीतीश जी के साथ तो काम कराया है आपने, इसपर तेज प्रताप बोले,'नीतीश जी के साथ हमने जब काम किया तब किया लेकिन कब किसका मति बदल जाए कह नहीं सकते। अभी नीतीश कुमार बिहार के लिए काम नहीं कर रहे हैं।'
जब उनसे पूछा गया कि उस वक्त जो नीतीश कुमार का परसेप्शन था वो आज बदल गया?इसपर तेज प्रताप ने कहा, 'पलटी मार गए ना। आदमी कब कहां बदल जाए कोई ठीक नहीं है। अभी तो ठीक आदमी नहीं हैं। पहले हो सकता है अच्छे आदमी थे, लेकिन अभी ठीक आदमी नहीं हैं।'
ये भी पढ़ें: पटना और गयाजी से सप्ताह में दो दिन इंटरनेशनल रूट पर फ्लाइट होंगी, बिहार सरकार ने रखी शर्त












Click it and Unblock the Notifications