अरुणाचल में टूटी जेडीयू तो Tej Pratap Yadav ने किया दावा, कहा- जल्द होने वाला है बिहार में पार्टी का सफाया
Tej Pratap Yadav Update News, पटना। अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के छह विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए है। जेडीयू विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर बिहार में भी राजनीति का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। अरुणाचल प्रदेश के अंदर जेडीयू में हुई टूट को लेकर अब आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने बड़ा बयान दिया है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि पार्टी (JDU) में टूट शुरू हो गई है और जल्द ही इनका सफाया बिहार से हो जाएगा।

दरअसल, तेज प्रताप यादव ने अपने पिता व पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव ने मिलने रांची जा रहे थे। रांची जाने के दौरान आरजेडी कार्यकर्ताओं ने तेज प्रताप यादव को बिहार शरीफ के अंबेडकर चौक पर रोक लिया और स्वागत किया। इस दौरान मीडिया भी मौजूद रही। अरुणाचल प्रदेश में हुए राजनीतिक उठापटक को लेकर तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बहुत जल्द ही बिहार में भी जदयू का सफाया होने वाला है। कहा जा सकता है कि इनकी पतन की शुरुआत अरुणाचल प्रदेश से हो चुकी है।
तेज प्रताप यादव कहा कि बिहार में जद(यू) का पतन होना शुरू हो गया है। यही कारण है कि इस बार विधानसभा में इनकी पार्टी आधी सीटों पर सिमट के रह गई। मीडिया से बात करते हुए तेज प्रताप ने आगे कहा कि जनता दल यूनाइटेड पूरी तरह से खंडित होकर टूट चुका है। नीतीश कुमार ने जो फैसला लिया है बहुत गलत फैसला लिया है। उन्होंने खुद अपनी पीठ में छुरा मारने का काम किया है। वहीं राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कहा है कि इसका संदेश स्पष्ट है कि अब भाजपा को नीतीश कुमार की कतई परवाह नहीं है।
जेडीयू अरुणाचल प्रदेश में थी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनता दल यूनाइटेड (JDU) अरुणाचल प्रदेश में भाजपा के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी थी। अप्रैल, 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में जदयू अकले मैदान में उतरा था। जदयू ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा और सात पर जीत हासिल की। चार पर वह दूसरे तो तीन पर तीसरे नंबर पर रहा था। वहीं एक सीट पर जदयू चौथे नंबर पर था। 60 विधानसभा सीटों वाले प्रदेश में भाजपा को 41, एनपीईपी को पांच और कांग्रेस को चार सीटें मिली थी। इस तरह जदयू वहां दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी।












Click it and Unblock the Notifications