Video: 'राहुल गांधी भारत से ऊब गए हैं, विदेश से लौटेंगे तो चेहरे पर ताजगी दिखेगी', तेजप्रताप ने उड़ा दी धज्जिय
Tej Pratap Yadav Rahul Gandhi Comment: बिहार की सियासत में अपने बयानों से सुर्खियां बटोरने वाले तेजप्रताप यादव ने एक बार फिर राहुल गांधी पर चुटकी ली है। कोलंबिया में दिए गए राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और पूर्व मंत्री तेजप्रताप ने कहा कि "शायद राहुल गांधी को भारत की बजाय विदेश ज्यादा भाने लगा है। यहां की मिट्टी से उनका मन ऊब गया होगा, तभी वे ताजी हवा लेने बाहर निकल गए।"
कोलंबिया में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर तेजप्रताप यादव ने कहा, "हो सकता है कि राहुल गांधी को विदेश ज्यादा पसंद आ गया हो। उनका भारत और बिहार की मिट्टी से मन ऊब गया तो वे ताजा हवा खाने चले गए होंगे। जब वो लौटेंगे तो उनके चेहरे पर ताजगी दिखेगी।''

'गांधी टाइटल लगाते हैं और जींस-टीशर्ट में घूमते हैं'
तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी की जीवनशैली और उनकी राजनीति दोनों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद को गांधीवादी बताते हैं, लेकिन उनकी सोच और तौर-तरीके विदेशी कल्चर से ज्यादा मेल खाते हैं। तेज प्रताप ने तंज कसा, ''महात्मा गांधी खादी पहनते थे, लेकिन राहुल गांधी जींस-टीशर्ट में घूमते हैं और अपने नाम के आगे गांधी टाइटल लगाते हैं।''
कोलंबिया में राहुल गांधी का बयान
दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में कोलंबिया की एक यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत आज सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रहा है, और वह है लोकतंत्र पर हो रहा हमला। राहुल के मुताबिक, भारत में विविधता ही सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन लोकतांत्रिक ढांचे पर हमले से यह विविधता खतरे में पड़ सकती है।
उन्होंने कहा कि भारत में अनेक धर्म, भाषाएं और परंपराएं हैं, जो लोकतंत्र के जरिए ही पनपती हैं। राहुल गांधी ने कहा, ''अगर लोकतंत्र पर हमला जारी रहा तो यह विविधता सबसे ज्यादा प्रभावित होगी।''
सियासी तकरार हुई तेज
राहुल गांधी के इस बयान को लेकर बीजेपी लगातार उन पर हमलावर है, वहीं अब तेजप्रताप यादव भी विपक्षी नेता पर तंज कसकर सुर्खियों में आ गए हैं। उनके इस बयान को चुनावी मौसम में एक नई राजनीतिक हलचल के तौर पर देखा जा रहा है। तेजप्रताप की यह टिप्पणी साफ संकेत देती है कि राहुल गांधी का विदेश दौरा न सिर्फ केंद्र की राजनीति, बल्कि बिहार की सियासी गलियों में भी चर्चा का विषय बन चुका है।












Click it and Unblock the Notifications