'मेरी एक ही बेटी है, उसका नाम...', अनुष्का की बच्ची वाली अफवाहों पर तेज प्रताप का खुलासा, कौन है असली बेटी?
Tej Pratap Yadav Beti Row: बिहार की राजनीति में एक बार फिर तेज प्रताप यादव चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार वजह कोई बयान नहीं, बल्कि अनुष्का यादव से जुड़ी वो अफवाहें हैं, जिनमें दावा किया गया कि तेज प्रताप पिता बन गए हैं। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस खबर ने हलचल मचा दी। लेकिन अब तेज प्रताप यादव खुद सामने आए हैं और उन्होंने पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है।
अचानक कैसे भड़की 'बेटी' वाली चर्चा
कुछ दिन पहले तेज प्रताप यादव की अनुष्का यादव के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। 08 फरवरी दोपहर मामला तब और गरमाया जब केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने X पर पोस्ट कर तेज प्रताप को अनुष्का के घर बेटी होने की बधाई दे दी। यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई और शाम तक हर तरफ यही चर्चा थी कि तेज प्रताप यादव पिता बन गए हैं।

रात 8.30 बजे तेज प्रताप मीडिया के सामने क्यों आए?
तेज प्रताप यादव ने रात करीब 8.30 बजे मीडिया को बुलाया और सीधे इन खबरों को झूठा करार दिया। उन्होंने साफ कहा कि अनुष्का यादव से उन्हें बेटी होने की बात पूरी तरह बेबुनियाद है। उनका कहना था कि यह एक सोची-समझी साजिश है, जिसका मकसद उन्हें बदनाम करना है।
तेज प्रताप बोले- 'मेरी एक ही बेटी है, उसका नाम कात्यायनी है'- सच क्या है?
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें तेज प्रताप कहते नजर आए कि उनकी एक ही बेटी है और उसका नाम कात्यायनी है। इस बयान ने लोगों को और उलझन में डाल दिया। बाद में साफ हुआ कि कात्यायनी दरअसल उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव की बेटी हैं। तेज प्रताप उन्हें भावनात्मक तौर पर अपनी बेटी कहते हैं। तेजस्वी यादव के दो बच्चे हैं - बेटी कात्यायनी और बेटा इराज लालू यादव, जिनका जन्म मई 2025 में हुआ था। बेटी कात्यायनी का जन्म 2023 में नवरात्रि के आसपास हुआ था।
तेज प्रताप ने दो टूक कहा कि अनुष्का यादव या उसके बच्चे से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर उनका नाम जोड़ा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी का अनुष्का से संबंध है तो वह आकाश भाटी हैं और वही इसका जवाब दे सकते हैं।
भावुक हुए तेज प्रताप बोले-'अकाउंट हैक कर फोटो वायरल की गई, फंसाया जा रहा'
तेज प्रताप यादव ने इस पूरे विवाद के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों को 'जयचंद' बताया। उन्होंने दावा किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर अनुष्का यादव के साथ तस्वीरें वायरल की गईं। तेज प्रताप ने जिन नामों का जिक्र किया, उनमें मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज, शक्ति सिंह और सुनील सिंह शामिल हैं। उनका कहना था कि इन्हीं लोगों ने उन्हें बदनाम करने की कोशिश की।
तेज प्रताप यादव इस दौरान काफी भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें परिवार और पार्टी से अलग किया गया और अब नई पार्टी बनाने की कोशिश के दौरान फंसाया जा रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें इतना परेशान किया गया कि वे डिप्रेशन में चले गए और हालात बेहद गंभीर हो गए थे।
कोर्ट और गृह मंत्री तक जाने की तैयारी
तेज प्रताप यादव ने साफ कहा कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ वह कोर्ट जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले को लेकर गृह मंत्री से मुलाकात करेंगे और जरूरत पड़ी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगे। उनका दावा है कि यह पूरी साजिश उन्हें राजनीतिक और मानसिक रूप से तोड़ने के लिए रची गई है।
सुनील सिंह का पलटवार, तेज प्रताप को कोई गंभीरता से नहीं लेता!
तेज प्रताप के आरोपों पर एमएलसी सुनील सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप यादव ने कई जिम्मेदार पद संभाले हैं, लेकिन उनकी बातों को लोग गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने इसे बचकाना बयान करार दिया और ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया।
तेज प्रताप यादव का दावा है कि अनुष्का यादव से जुड़ी बेटी वाली खबर पूरी तरह झूठी है। उनका कहना है कि उनकी एक ही बेटी कात्यायनी है, जो असल में तेजस्वी यादव की बेटी हैं। उन्होंने पूरे विवाद को साजिश बताते हुए कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। अब देखना होगा कि इस सियासी और निजी विवाद में आगे कौन-सा सच सामने आता है।












Click it and Unblock the Notifications