PM मोदी के जन्मदिन के मौके पर RJD ने लगाया पोस्टर, पूछाः देश की संपत्ति बेचना कौन सा राष्ट्रवाद
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर राष्ट्रीय जनता दल ने पटना में कई जगहों पर पोस्टर लगाया है। राजद और भाजपा कार्यालय के सामने भी यह पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर के सबसे ऊपर लिखा है कि मोदी जी आपकी उम्र हुई 71 साल, देश की जनता का हुआ बुरा हाल। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पोस्टर में पूछ रहे हैं कि देश की संपत्तियों को बेचना कौन सा राष्ट्रवाद है।

पोस्टर में नरेंद्र मोदी कह रहे हैं कि देश नहीं बिकने दूंगा। पूछा गया है कि क्या हुआ तेरा वादा, क्या युवाओं को पकौड़ा बिकवाने का इरादा है। ठेले पर मोदी जी ने सेल लगाया हुआ है, जिसमें LIC, BSNL रेल आदि को दिखाया गया है। राजद ने कहा है कि BSNL बिक गया, रेल बिक गया, लाल किला बिक गया, एयरपोर्ट बिक गया, हवाई जहाज बिक गया, ओएनजीसी बिक गया, एलआईसी बिक गया।
राजद ने बिकने वाले संस्थानों की भी सूची जारी की है। प्रदेश महासचिव भाई अरुण सहित अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से इसे जारी किया है। पोस्टर में लिखा गया है कि मोदी जी मस्त, गरीब जनता महंगाई ने पस्त। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। ट्वीट कर उन्होंने लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की अनंत शुभकामनाएँ। आपके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।
राजद द्वारा सूची के अनुसार अब ये उपक्रम बिकने वाले हैं- स्कूटर्स इंडिया लिमिटेड, बिर्ज एंड रूप कंपनी इंडिया लिमिटेड, हिन्दुस्तान न्यूज प्रिंट लिमिटेड, भारत पंप्स एंड कम्प्रेसर्स लि., सीमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, सेन्ट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लि, भारत अर्थ मूवर्स लि., फेरो स्क्रैप निगम, पवन हंस लिमिटेड, एयर इंडिया और उसकी पांच सहायक कंपनियां और एक संयुक्त उद्यम, एचएलएल लाइफ केयर, हिन्दुस्तान एंटीबोयोट्किस लि., शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, बंगाल केमिकल्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लि. आदि का नाम लिखा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications