Bihar Chunav 2025: डिजिटल प्रचार, AI वीडियो और चुनावी रणनीति, तेजस्वी बनाम नीतीश की जंग में किसका पलड़ा भारी?
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब अपने अंतिम दौर में परिणाम की उत्कंठा की ओर बढ़ चुका है। इस बार का चुनाव केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि वादों, बयानों और वैचारिक टकराव का संग्राम बन गया है। मुफ्त योजनाओं की ऐसी झड़ी लगी कि मानो राज्य का पूरा खजाना भी कम पड़ जाए। एनडीए और महागठबंधन दोनों ने जनता को अपनी-अपनी दृष्टि से भविष्य का सपना दिखाने की कोशिश की है।
संकल्प पत्र बनाम तेजस्वी प्रण: दो घोषणापत्र, दो दृष्टिकोण
एनडीए ने अपने 'संकल्प पत्र' में समग्र विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण और किसानों को नकदी सहायता पर जोर दिया। दूसरी ओर, महागठबंधन का 'तेजस्वी प्रण' रोजगार, कल्याण और नकद लाभ के वादों से भरा रहा। तेजस्वी यादव का महिलाओं को 30,000 रुपये देने का ऐलान प्रचार के बीच आया, जिससे राजनीतिक माहौल में हलचल मच गई। एनडीए ने इसे "हताशा में किया गया वादा" बताया, जबकि महागठबंधन ने इसे "सशक्त बिहार की दिशा में कदम" कहा।

जंगलराज बनाम सुशासन की बहस
जब महागठबंधन ने बेरोजगारी और पलायन का मुद्दा उठाया, तो एनडीए ने 'जंगलराज' की यादें ताजा कर दीं। लालू प्रसाद यादव की लंबे समय बाद चुनावी रोडशो में वापसी ने भाजपा को 'कट्टा-तमंचा राज' के प्रतीकात्मक हमलों का मौका दिया। एनडीए का तर्क रहा कि नीतीश कुमार के 20 साल के शासन में बिहार ने व्यवस्था और सुरक्षा दोनों में विश्वास अर्जित किया। वहीं, महागठबंधन ने नीतीश कुमार की "थकी हुई नेतृत्व शैली" और "पलटी राजनीति" पर निशाना साधा।
वादों की जंग और आर्थिक यथार्थ
महागठबंधन का दावा है कि सत्ता में आने पर 20 महीने में बिहार में ऐतिहासिक परिवर्तन होगा, जबकि एनडीए ने "एक करोड़ नौकरियों" का वादा किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेजस्वी यादव के नकद सहायता जैसे वादे बिहार की मौजूदा आर्थिक स्थिति में व्यावहारिक नहीं दिखते, जबकि एनडीए की योजनाएं "क्रियान्वयन योग्य" मानी जा रही हैं।
प्रचार अभियान की रणनीतियां और जनसंपर्क की दिशा
महागठबंधन का प्रचार युवाओं, महिलाओं और ओबीसी-ईबीसी वर्ग को केंद्र में रखकर किया गया। "नया बिहार" और "बदलाव की लहर" जैसे नारों ने युवाओं में उत्साह जगाया। तेजस्वी यादव ने डिजिटल मीडिया, एआई वीडियो, मीम्स और जनसभाओं के माध्यम से नए जमाने का चुनावी अभियान पेश किया।
दूसरी ओर, एनडीए का प्रचार पारंपरिक जमीनी नेटवर्क और राष्ट्रीय नेतृत्व पर आधारित रहा। "फिर एक बार एनडीए सरकार" और "नहीं चाहिए कट्टा सरकार" जैसे नारों ने ग्रामीण इलाकों और महिलाओं के बीच असर छोड़ा। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने लालू-राजद पर "अपहरण और अराजकता" का प्रतीक बताकर भावनात्मक जुड़ाव का प्रयास किया।
जातीय समीकरणों से आगे बढ़ता नया रुझान
2025 के इस चुनाव में जातीय गणित कुछ हद तक कमजोर पड़ता दिखा है। महिलाओं के साथ इस बार युवाओं और किसानों का वर्ग भी निर्णायक मतदाता के रूप में उभरा है। पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान और दूसरे चरण की उच्च भागीदारी ने संकेत दिया है कि जनता जातीय परंपराओं से आगे बढ़कर विकास, रोजगार और सुरक्षा के मुद्दों पर मतदान कर रही है।
सत्ता की ओर अंतिम दौड़
बिहार चुनाव 2025 अब केवल संख्याओं का खेल नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक युद्ध में तब्दील हो चुका है। एनडीए जहां "स्थिरता और सुशासन" की छवि पर सवार है, वहीं महागठबंधन "बदलाव और नई उम्मीद" के नारे पर टिका है। आखिरी दौर में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता जंगलराज बनाम सुशासन की बहस से प्रेरित होती है या रोजगार और कल्याण के सपने पर भरोसा जताती है, लेकिन इतना तय है कि यह चुनाव बिहार की राजनीति के स्वरूप को नई दिशा देने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications