Prince Yadav Death Reason: कैसे हुई रौशन आनंद के भाई की मौत? शुरूआती जांच में क्या वजह आई सामने?
Prince Yadav Death Reason: पटना के चर्चित खान सर-ज्ञान बिंदु (Khan Sir vs Gyan Bindu) कोचिंग विवाद के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव (Raushan Anand brother Prince Yadav) की नेपाल में मौत हो गई है। प्रिंस का नाम हाल ही में दर्ज उस FIR में शामिल था, जिसमें खान ग्लोबल स्टडीज में तोड़फोड़ और मारपीट के आरोप लगाए गए थे।
बताया जा रहा है कि FIR के बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ नेपाल चले गए थे और विराटनगर के एक होटल में रह रहे थे। शनिवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में शराब पीने के बाद तबीयत खराब होने की बात सामने आई है। नेपाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

दोस्तों के साथ होटल में ठहरे थे, जहर देने की आशंका
मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर महानगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 स्थित एक होटल में अपने कुछ दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात उन्होंने शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार प्रिंस को जहर देने का अनुमान लगाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: रौशन आनंद के भाई को खान सर की वजह से छोड़ना पड़ा था देश! मृतक प्रिंस यादव पर FIR में लगाए गए थे क्या आरोप?
प्रिंस यादव की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी एक आंख के पास चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं जांच के दौरान शरीर में संदिग्ध जहरीले पदार्थ मिलने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच कर रही नेपाल पुलिस ने प्रिंस के साथ मौजूद लोगों और अन्य संदिग्धों समेत कुल 5 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
हर एंगल से की जा रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस होटल पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ की है। साथ ही होटल के रजिस्टर, एंट्री रिकॉर्ड और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मौत के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।
FIR के बाद नेपाल गए थे प्रिंस
खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच हाल में हुए विवाद में दर्ज FIR में प्रिंस यादव का नाम भी शामिल किया गया था। आरोपों के बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ नेपाल चले गए थे और वहीं रह रहे थे। इससे पहले साल 2021 में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में भी उनका नाम सामने आया था।
FIR में क्या लगाए गए हैं आरोप?
खान ग्लोबल स्टडीज के मैनेजमेंट से जुड़े कन्हैया कुमार सिंह की ओर से दर्ज शिकायत में कहा गया है कि 2 जून की रात ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के कहने पर प्रिंस यादव समेत कई लोग खान सर की कोचिंग पहुंचे थे। शिकायत के मुताबिक वहां मौजूद गार्ड के साथ मारपीट की गई और कोचिंग परिसर में तोड़फोड़ की गई। FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि कोचिंग का बोर्ड, बैरिकेडिंग और खान सर की तस्वीर को नुकसान पहुंचाया गया।
रौशन आनंद की बेल पर सुनवाई
इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कोचिंग संचालक रौशन आनंद फिलहाल जेल में हैं और उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी है। वहीं खान सर के दो गार्ड भी न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है। दूसरी ओर पटना सिविल कोर्ट ने फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
नेपाल पुलिस ने बताया है कि प्रिंस यादव के परिजनों के आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परिवार की लिखित सहमति मिलने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Neena Bansal Krishna: कौन हैं जस्टिस नीना बंसल कृष्णा? खान सर विवाद में अंजना ओम कश्यप को नहीं दी राहत












Click it and Unblock the Notifications