रौशन आनंद के भाई को खान सर की वजह से छोड़ना पड़ा था देश! मृतक प्रिंस यादव पर FIR में लगाए गए थे क्या आरोप?
Khan Sir Prince Yadav FIR Details: रौशन आनंद के भाई प्रिंस की रहस्यमय मौत के साथ पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में नया मोड़ आ गया है। प्रिंस यादव की मौत को लेकर अब एक नई बहस शुरू हो गई है। प्रिंस यादव, ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई थे और उनका नाम 2 जून को खान सर की कोचिंग की ओर से दर्ज कराई गई FIR में शामिल था।
शिकायत में उनके खिलाफ मारपीट, गार्ड को खींचकर पीटने, तोड़फोड़ करने और हंगामा फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। FIR दर्ज होने के बाद प्रिंस अपने 6-7 दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहे थे। अब नेपाल के एक होटल में उनका शव मिलने की खबर सामने आई है। मौत संदिग्ध बताई जा रही है और परिवार के लोग नेपाल पहुंच रहे हैं।

प्रिंस पर FIR में क्या-क्या आरोप थे
खान ग्लोबल स्टडीज का मैनेजमेंट देखने वाले कन्हैया कुमार सिंह ने कदमकुआं थाने में शिकायत दी थी। इसमें कहा गया था कि 2 जून की रात करीब 10 बजे क्लास खत्म होने के बाद कोचिंग बंद कर दी गई थी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के कहने पर खान सर की कोचिंग के गार्ड चुनचुन को निशाना बनाया गया। FIR में लिखा गया कि प्रिंस यादव, अभिषेक, रौशन, गौरव और करीब 15-20 लड़के अचानक गेट पर पहुंचे और गार्ड को खींचकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस मारपीट में गार्ड का सिर फट गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें: अंजना ओम कश्यप ने उड़ाई खान सर की खिल्ली? फैजल खान पर गिरफ्तारी की तलवार के बीच वायरल हुआ नया वीडियो
शिकायत में सिर्फ मारपीट ही नहीं, बल्कि कोचिंग परिसर में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया गया था। FIR के मुताबिक, हल्ला सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान कोचिंग का बोर्ड, बैरिकेडिंग और खान सर की फोटो भी तोड़ दी गई। शिकायतकर्ता का कहना था कि पूरा मामला अचानक नहीं बल्कि योजना के साथ किया गया हमला था, जिसमें कई लोग शामिल थे। इसी FIR के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।

2021 के हमले का भी जिक्र
प्रिंस यादव का नाम इससे पहले भी विवाद में आ चुका था। उन पर साल 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हमले का आरोप लगा था। इस बार दर्ज FIR में भी उनका नाम सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। अब उनकी नेपाल में हुई संदिग्ध मौत ने पूरे प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने X पर पोस्ट कर इसे हत्या बताया है, जिससे विवाद और भी गहराता जा रहा है।
जेल में हैं रौशन आनंद
2 जून के विवाद के बाद ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। रौशन आनंद अभी जेल में हैं और सोमवार को उनकी जमानत पर सुनवाई होनी है। दूसरी ओर, खान सर के गार्ड्स का फायरिंग करते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर पर भी FIR दर्ज की थी। उनके दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार किया गया था। पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है, लेकिन दोनों गार्ड्स की जमानत याचिका खारिज होने के बाद वे अभी जेल में हैं।
ये भी पढ़ें: कब जेल से बाहर आएंगे रौशन आनंद? जमानत पर फिर अटका पेंच, टला खान सर के गार्ड्स पर भी फैसला












Click it and Unblock the Notifications