'फैजल खान ने मेरे भाई को मरवाया', जेल से निकलते ही रौशन आनंद ने खान सर पर लगाए संगीन आरोप, कर दी बड़ी मांग
Raushan Anand vs Khan Sir: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद ने अब एक और बड़ा मोड़ ले लिया है। जेल से जमानत मिलने के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद (Raushan Anand) सीधे अपने गृह जिले सहरसा पहुंचे। सहरसा में रौशन आनंद अपने दिवंगत भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। जेल से निकलने के बाद रोशन आनंद ने मीडिया से बातचीत में खान सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके भाई की मौत सामान्य घटना नहीं है।
रौशन आनंद ने दावा किया कि पूरे मामले के पीछे बड़ी साजिश हो सकती है। दूसरी तरफ खान सर पहले ही इस घटना पर दुख जता चुके हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर चुके हैं। प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत के बाद यह मामला केवल कोचिंग संस्थानों के विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब इसकी चर्चा बिहार से बाहर भी हो रही है। पुलिस जांच जारी है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावे रख रहे हैं।

भाई की मौत को बताया साजिश
सहरसा पहुंचने के बाद रौशन आनंद ने कहा कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत को साधारण घटना मानना गलत होगा। उनका कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए क्योंकि कई सवाल ऐसे हैं जिनके जवाब अब तक सामने नहीं आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या करवाई गई है और इसके पीछे एक सोची-समझी योजना हो सकती है।
ये भी पढ़ें: 'खान सर ने कराई प्रिंस की हत्या',रौशन आनंद के भाई की मौत पर दिग्गज नेता ने लगाए आरोप, फैजल खान को बताया दोषी
खान सर और कारोबारी पर लगाए आरोप
रौशन आनंद ने सीधे तौर पर फैजल खान उर्फ खान सर और कोल्ड स्टोरेज व्यवसायी आरएस प्रसाद का नाम लेते हुए कहा कि दोनों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल सामान्य पूछताछ से सच सामने नहीं आएगा। इसी वजह से उन्होंने मामले से जुड़े सभी लोगों का नार्को टेस्ट कराने की मांग उठाई। उनका दावा है कि जांच का दायरा बड़ा किया जाना चाहिए ताकि किसी भी पहलू को नजरअंदाज न किया जाए।

समर्थकों से भावुक अपील
अपने बयान के दौरान रौशन आनंद भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की कि वे उनके भाई को न्याय दिलाने की लड़ाई में साथ खड़े रहें। रौशन का कहना था कि परिवार सिर्फ सच जानना चाहता है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई चाहता है।
खान सर ने जताया था प्रिंस की मौत पर दुख
प्रिंस यादव की मौत की खबर सामने आने के बाद खान सर ने अपने यूट्यूब चैनल के जरिए वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि किसी युवा की इस तरह मौत होना चिंता का विषय है। खान सर ने कहा था कि बिना पूरी जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा और सच सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने ये भी कहा था कि इसमें किसी का हाथ नहीं है। प्रिंस लंबे समय से बीमार थे।
अब तक नहीं सुलझी मौत की गुत्थी
प्रिंस यादव की मौत को लेकर अभी तक कोई अंतिम तस्वीर सामने नहीं आई है। परिवार लगातार इसे संदिग्ध मौत बता रहा है। वहीं कई समर्थक और स्थानीय लोग भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। जांच एजेंसियां अपने स्तर पर सबूत और जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में जांच की दिशा इस मामले के कई अहम सवालों के जवाब तय कर सकती है। बता दें, कोचिंग विवाद में खान सर ने रौशन आनंद के साथ प्रिंस यादव और अन्य को भी आरोपी बनाया था।
ये भी पढ़ें: रौशन आनंद के भाई की मौत के बाद खान सर ने जारी किया वीडियो, ऐसा क्या कहा जिस पर भड़क रहे लोग












Click it and Unblock the Notifications