Rahul Gandhi Poster: विपक्षी दलों की बैठक से पहले क्यों तेज़ हुई राहुल की 'फ्लाइंग किस' वाले पोस्टर की चर्चा?
2024 Election Bihar: बिहार की राजधानी पटना में 23 जून को होने वाली विपक्षी एकता की बैठक के लिए ज़ोर शोर से तैयारी की जा रही है। महागठबंधन में शामिल पार्टी जदयू, राजद, कांग्रेस और अन्य के पोस्टर बैनर लगने के बाद प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का 'फ्लाइंग किस' वाला पोस्टर चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
विपक्षी एकता को मज़बूत करने के लिए होने वाली बैठक के लिए कांग्रेस द्वारा लगाए गए पोस्टर में पार्टी के दिग्गज नेताओं में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल समेत कई नेता नज़र आ रहे हैं। पटना के कई जगहों पर स्वागत बैनर में राहुल गांधी का 'फ्लाइंग किस' देते हुए तस्वीर नज़र आ रही है।

कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाए गए पोस्टर पर मीडिया से मुखातिब होते हुए पोस्टर लगाने वाले कांग्रेस नेता यशवंत कुमार चमन ने कहा कि, देश में बढ़ रहे नफरत के माहौल में राहुल गांधी एक ही स्लोगन हैं, नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान। इसी स्लोगन के तहत राहुल गांधी का 'फ्लाइंग किस' वाला पोस्टर चस्पा किया गया है।
कांग्रेस नेता द्वारा लगाए गए 'फ्लाइंग किस' वाले पोस्टर में राहुल गांधी के नाम के साथ नेता, मोहब्बत वाला टाइटल लिखा गया है। वहीं बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह के नाम के साथ मज़बूत नेता, मजबूत बिहार! और मल्लिकार्जन खड़गे के नाम के साथ नेता, कार्यकर्ताओं से मिलने वाले! लिखा गया है। इस पोस्टर के ज़रिए कांग्रेस ने जनता को एक संदेश देने की कोशिश की है।
भाजपा के खिलाफ पटना में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक पर भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि पटना में होनी वाली बैठक का साफ मतलब है कि 'सभी दिलजले, बिना पेंदी के लोटा' वाले नेता नीतीश कुमार की शरण में आ रहे हैं। ये नेता या तो गोद में या फिर कंधे पर बैठना चाहते हैं।
भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने राहुल गांधी पर ज़ुबानी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज किसी चीज़ की भी दुकान खोल लें, ग्राहक नहीं जाने वाले हैं, उनका झाप ही बंद होना है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान' वाले बयान पर यह बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications