दरभंगा में मंच से दी गई पीएम को गालियां! राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में बवाल, क्या है पूरा मामला?
Voter Adhikar Yatra: बिहार में राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा इन दिनों सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह उनके भाषण नहीं, बल्कि दरभंगा से सामने आया एक विवादित वीडियो है। इस वीडियो में मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस के इस कार्यक्रम में हुई इस घटना ने राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है, वहीं बीजेपी ने राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की है।
दरभंगा के अतरबेल में हुई रैली के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। यह कार्यक्रम यूथ कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद की ओर से आयोजित किया गया था। विवाद बढ़ने के बाद नौशाद ने सफाई दी कि किसी बाहरी व्यक्ति ने मंच से गलत शब्द कहे हैं, हालांकि इस मामले पर राजनीति गरमा गई है।

बीजेपी का पलटवार
पीएम मोदी के खिलाफ इस्तेमाल हुई गालियों पर बीजेपी ने राहुल गांधी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि यह बर्दाश्त के लायक नहीं है और राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। नीरज कुमार ने कहा, "मोदी जी का सम्मान पूरा देश करता है, एक गरीब और ओबीसी परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री बने व्यक्ति को इस तरह गाली देना कांग्रेस की बौखलाहट दिखाता है।"
ये भी पढ़ें: राहुल-तेजस्वी की 'वोटर अधिकार यात्रा' पहुंची सीतामढ़ी, मां जानकी का आशीर्वाद लेकर बढ़ा काफिला
डिप्टी सीएम और मंत्रियों की प्रतिक्रिया
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि गाली देने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर बिहार का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। वहीं, मंत्री संजय सरावगी ने ऐसे नेताओं पर देशद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की है।
कौन हैं मोहम्मद नौशाद
दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले नौशाद यूथ कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और इस बार टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं। कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में एक अन्य दावेदार मशकूर उस्मानी के साथ मारपीट की घटना भी हुई थी।
पटना में खत्म होगी यात्रा
राहुल गांधी की यह यात्रा 1 सितंबर को पटना में रोड शो के साथ खत्म होगी। पहले योजना थी कि गांधी मैदान में बड़ी रैली के साथ यात्रा समाप्त हो, लेकिन अनुमति न मिलने की वजह से अब गांधी मूर्ति से लेकर अंबेडकर प्रतिमा तक पैदल मार्च किया जाएगा। इस दौरान तेजस्वी यादव भी राहुल के साथ रहेंगे।
पीएम मोदी पर राहुल के तीखे वार
यात्रा के दौरान राहुल गांधी लगातार पीएम मोदी पर हमला कर रहे हैं। सीतामढ़ी में उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग ने देश में वोट चोरी की है। राहुल ने दावा किया कि वह कई राज्यों में वोट चोरी के सबूत पेश करेंगे।
सीजफायर पर भी साधा निशाना
पाकिस्तान के साथ सीजफायर के मुद्दे पर भी राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक फोन के बाद मोदी ने युद्ध रोक दिया था। यह विवाद चुनावी माहौल में बिहार की राजनीति को और गरमा रहा है, जहां कांग्रेस और आरजेडी मिलकर बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी की यात्रा के बीच बिहार में घुसे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी, पुलिस ने जारी किया अलर्ट












Click it and Unblock the Notifications