Rahul Gandhi Viral Photo:'नीट माफिया का परिवार और कांग्रेस का नेतृत्व', तस्वीर की सियासत में फंसे राहुल गांधी!
Rahul Gandhi Viral Photo: बिहार की राजनीति इन दिनों एक वायरल तस्वीर के इर्द-गिर्द घूम रही है। तस्वीर में राहुल गांधी संजीव मुखिया के भतीजे प्रदीप कुमार के साथ दिखाई दे रहे हैं - वही संजीव मुखिया जो नीट समेत कई राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक में मुख्य आरोपी रहा है और वर्तमान में जेल में बंद है।
यह तस्वीर तब की है जब राहुल गांधी 6 जून को नालंदा जिले में अत्यंत पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को संबोधित करने राजगीर पहुंचे थे। उसी दौरान कई स्थानीय लोगों से उनकी मुलाकात हुई, जिनमें प्रदीप कुमार भी शामिल था।

भाजपा का सीधा हमला
भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कांग्रेस पर तीखा वार करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के परिवार ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, उसके भतीजे से राहुल गांधी की मुलाकात दिखाती है कि कांग्रेस किस स्तर पर गिर चुकी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी असंतोष
तस्वीर के वायरल होते ही कांग्रेस के अपने ही कार्यकर्ता सवाल उठा रहे हैं। नालंदा जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर मौजूदा नेतृत्व पर नाराज़गी जाहिर की। उनका आरोप है कि जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर विवादित लोगों को मंच तक पहुंचने का मौका दिया जा रहा है।
आरजेडी का बचाव
विपक्षी हमलों के बीच आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर तस्वीरों से अपराध तय होते, तो एनडीए के कई नेता सलाखों के पीछे होते। नीट माफियाओं को पनाह किसने दी, ये सवाल भाजपा को खुद से पूछना चाहिए।
राजनीति में 'तस्वीरों की टाइमिंग' अहम
सवाल यह है कि क्या यह मुलाकात जानबूझकर करवाई गई? क्या यह एक रैंडम मुलाकात थी जिसे राजनीतिक हथियार में बदला जा रहा है? या फिर, यह पूरे घटनाक्रम की सिर्फ एक फ्रेम की कहानी है, जिसके पीछे की पूरी पिक्चर अभी सामने आनी बाकी है? इस विवाद के बीच राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन मनाया जा रहा है, लेकिन उनके समर्थकों के चेहरे पर मुस्कान से ज्यादा चिंता झलक रही है।












Click it and Unblock the Notifications