बिहारः दलित नेता शक्ति मल्लिक हत्या मामले में पत्नी ने लगाया तेजस्वी पर आरोप, जदयू ने लिया आड़े हाथ
पटना। बिहार के पूर्णिया जिले में दलित नेता शक्ति मल्लिक की हत्या पर प्रदेश की सियासत गर्मायी हुई है। वहीं जदयू ने हत्या का आरोप तेजस्वी यादव पर लगाया है। कहा है कि राजनीतिक साजिश के तहत दलित नेता की हत्या कराई गई है। इसके अलावा जदयू ने हत्या के मामले में सीबीआइ जांच की मांग की है। कहा है कि हत्या का आरोप दलित नेता की पत्नी ने तेजस्वी पर लगाया है तो वो प्राइम आरोपित तो होंगे।

दरअसल, हत्या से दो दिन पहले का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो दलित नेता शक्ति मल्लिक का है। वीडियो में दलित नेता शक्ति मल्लिक ने अपने हत्या की आशंका जताई थी। वीडियो में शक्ति मल्लिक ने साफ कहा है कि राजद नेता तेजस्वी यादव उनकी हत्या करा सकते हैं। शक्ति मल्लिक ने कुछ दिन पहले ही राजद से चुनाव का टिकट ना मिलने पर बगावत किया था। उन्हें राजद से निष्कासित कर दिया गया था।
उनकी पत्नी खुशबू ने भी तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव और अनिल साधु पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पति को राजद से निकाल दिया गया था। तेजस्वी यादव ने टिकट के पैसे मांगे थे। पति रानीगंज से निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।
वहीं जदयू के प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा है कि चुनाव के समय ऐसी राजनीतिक हत्या काफी संवेदनशील है। हत्या का आरोप सीधे-सीधे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर है। इसकी जांच होनी चाहिए। बिहार में दलित होना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने दलित नेता की मृत्यु के पहले की वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि एक दलित नेता ने मरने से पहले तेजस्वी यादव को एक्सपोज कर दिया है।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि एक दलित नेता से टिकट के लिए पचास लाख रुपये मांगे गए। उन्हें अपमानित कर पार्टी से निकाल दिया। पहले उनका शोषण किया फिर वास्तव में हत्या करा दी। राजीव रंजन ने कहा है कि राजद में सामंती व्यवस्था है। राजद में दलित और पिछड़े लोगों की कद्र नहीं है। यह तेजस्वी यादव का अहंकार है कि दलित नेता को राजद से निकाल दिया गया और उनकी हत्या करा दी गई।












Click it and Unblock the Notifications