PM मोदी के दौरे से पहले तेजस्वी का बड़ा वार, कहा- GMCH पूर्णिया बना एनडीए की नाकामी की मिसाल
Tejashwi Yadav on Purnea Hospital: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया दौरे से ठीक पहले बिहार की राजनीति गरमा गई है। आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने रविवार को एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने पूर्णिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) का औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली उजागर की।
तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि अस्पताल में न तो आईसीयू है, न ट्रॉमा सेंटर काम कर रहा है, न ही कार्डियोलॉजी विभाग। कई मरीज एक ही बिस्तर पर लिटाए जा रहे हैं। तेजस्वी ने स्वास्थ्य मंत्री मंगला पांडे को अयोग्य बताया।

बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला
तेजस्वी यादव ने कहा कि जीएमसीएच जैसे मेडिकल कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। अस्पताल में न आईसीयू है, न कार्डियोलॉजी विभाग। ट्रॉमा सेंटर वर्षों से बंद पड़ा है। मरीजों को 15-20 दिन तक एक ही चादर पर रखना पड़ता है और तीन मरीज एक ही बिस्तर पर सोने को मजबूर हैं। दिव्यांग मरीजों के लिए बने शौचालय दो फीट ऊँचे हैं और वहां साफ-सफाई का कोई इंतजाम नहीं है। उन्होंने इसे "20 साल की एनडीए सरकार की असफलता" बताया।
डॉक्टरों और नर्सों की भारी कमी
आरजेडी नेता ने दावा किया कि अस्पताल में स्वीकृत 255 नर्सों की जगह केवल 55 नर्सें काम कर रही हैं। तीन शिफ्ट में बंटने के बाद हर समय मुश्किल से 18 नर्सें ड्यूटी पर रहती हैं। डॉक्टरों की 80% सीटें खाली हैं। पूरे अस्पताल में केवल चार ओटी असिस्टेंट हैं और न तो स्थायी ड्रेसर है और न ही तकनीशियन। मेडिकल इंटर्न को छह महीने से वेतन नहीं मिला। कई विभाग पूरी तरह बंद पड़े हैं और प्रोफेसर तथा असिस्टेंट प्रोफेसर सिर्फ नाम के लिए दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें: Bihar Chunav: NDA मे किसे कितनी सीटें, उम्मीदवार कैसे तय होंगे? पटना पहुंचे BJP अध्यक्ष नड्डा ने जमाई फील्डिंग
भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री और अधिकारी केवल इमारतें बनवाने और उपकरण खरीदने में कमीशन खाते हैं। हजारों करोड़ रुपये खर्च कर उपकरण खरीदे जाते हैं, लेकिन उन्हें चलाने के लिए तकनीशियन की नियुक्ति नहीं होती। परिणामस्वरूप, रोजाना लगभग 10,000 मरीज इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख करने को मजबूर हैं।
पीएम मोदी पर सीधा वार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को पूर्णिया दौरे से पहले तेजस्वी ने तंज कसा कि पीएम "केवल भाषणबाज़ी करने आएंगे"। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन की सरकार" ने बिहार को स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार में विफल किया है और इसे "डबल जंगलराज" बना दिया है। यादव ने सवाल उठाया कि क्या पीएम मोदी इन खामियों पर ध्यान देंगे या फिर सिर्फ राजनीतिक बयानबाज़ी करेंगे।
ये भी पढे़ं: Bihar Chunav 2025: कांग्रेस की मांग, VIP और वाम दलों के दबाव के बीच तेजस्वी का दांव, महागठबंधन में सबकुछ ठीक?












Click it and Unblock the Notifications