‘पीएम मोदी हिन्दू नहीं’, पटना की रैली में जमकर गरजे लालू यादव, कहा- माताजी के श्राद्ध में नहीं बनवाई बाल-दाढ़ी
पटना के गांधी मैदान में महागठबंधन की बड़ी रैली चल रही है। सरकार से अलग होने के बाद राजद की ये पहली रैली है। तेजस्वी यादव के बाद इस रैली को राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी संबोधित किया।
लालू यादव ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। लालू ने कहा कि मोदी परिवारवाद पर बोलते हैं, लेकिन उनके पास परिवार ही नहीं है। वो हिंदू नहीं है। हिंदू अपनी मां के श्राद्ध में दाढ़ी बाल बनवाता है।

लालू यादव ने आगे कहा कि पीएम मोदी की जब माता जी का देहांत हुआ तो उन्होंने बाल दाढ़ी नहीं बनवाया। राम-रहीम के बंदों में, देश में नफरत फैला रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी निशाने पर लिया और उन्हें 'पलटूराम' बताया।
लालू यादव ने कहा नीतीश कुमार के साथ हमने कोई गाली-गलौज नहीं की। पहली बार जब यहां से निकले तब कोई गाली नहीं दिया। उनको यही कहा कि ई पलटू राम हैं। नहीं पलटना चाहिए था, लेकिन दोबारा हमसे गलती हो गई। तेजस्वी से गलती हो गई। दोबारा ई पलट गए नरेंद्र मोदी के पैरों के नीचे चले गए।
'नीतीश कुमार को शर्म नहीं आती'
लालू ने आगे कहा कि हम देखते हैं कि टेलीफोन में एक से एक डांसर बनाता है... कहीं माला डाल रहा है कहीं फूल डाल रहा है... नीतीश कुमार पर रील बनता है। नीतीश कुमार को शर्म नहीं आती है। इधर तो देख रहे हैं कि शरीर भी नहीं काम कर रहा है नीतीश कुमार का... और आज आप लोगों का ई जुटान देखकर के और भी पता नहीं कौन-कौन बीमारी पैदा ले लेगा।
'मोदी ने ठेंगा दिखा दिया'
पूर्व रेल मंत्री लालू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। लालू यादव ने कहा कि मोदी ने कहा था कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपए आएगे। मैंने भी 7 बेटी, 2 बेटा, पति-पत्नी का खाता खुलवाया कि करोड़ों रुपया मिल जायेगा। लेकिन मोदी ने ठेंगा दिखा दिया।
लालू यादव ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को नेस्तनाबूद कर देंगे। तेजस्वी को मालूम हो गया था कि राज्यपाल ने नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की फोन पर बात करवाई थी। सरकार में कोई गलत काम नहीं हुआ लेकिन नीतीश कुमार को पता नहीं क्या लगा। अब फिर इधर लौटकर आने की हिम्मत करेंगे तो अब यहां से बढ़िया से धक्का मिलेगा।
लालू यादव ने बेटे तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा कि, "तेजस्वी यादव तरफ घूम रहा है। बहुत मेहनत कर रहा है। 1990 से पिछड़ा वर्ग को वोट देने का भी अधिकार नहीं था। मैंने उन्हें शक्ति दी। लोगों के पास चापा कल नहीं हुआ करता थे, पिछड़े लोगों को कुएं से पानी नहीं लेने दिया जाता था। अब वो ही सत्ता के गलियारे में खड़े हैं। बिहार जो चुनता है देश उसी को फॉलो करता है। तेजस्वी बहुत मेहनत कर रहा है। उसने नौकरी दिया, मैं उससे रोज पूछता था कि आज कितने को नौकरी दी?"












Click it and Unblock the Notifications