महागठबंधन की रैली में जमकर बरसे तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार को बताया ‘पलटीमार’, पीएम मोदी को भी दिया ये जवाब
बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में रविवार को महागठबंधन की जन विश्वास रैली में का आयोजन हुआ है। इसमें बड़ी तादाद में महागठबंधन के समर्थक और कार्यकर्ता विपक्षी दिग्गजों को देखने पहुंचे हैं।
रैली को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री सह राजद नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए पर जमकर हमला बोला है। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तंज कसा है।

तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार के एक बार फिर से पाला बदलने को लेकर कहा कि चाचाजी पलट गए हैं। वो जहां भी रहें, खुश रहें। तेजस्वी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जो काम आजादी के बाद से नहीं हुआ था, उसको हमने 17 महीने में करके दिखाया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने बिहार के युवाओं को इसी गांधी मैदान से लाखों की संख्या में नियुक्ति पत्र बांटे। पहले इस मैदान में सिर्फ राजनीतिक रैली होती थीं, लेकिन हमने रोजगार का रैला करके दिखाया है। यहां से 2 लाख लोगों को नियुक्ति पत्र मिला है।
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश हमारे चाचा हैं, पटना में पोस्टर लगा रहे हैं रोजगार मतलब नीतीश कुमार। ये वही हैं जो 2020 में मेरे वादे पर कहते थे कहां से लाएगा पैसा। जो 17 साल में नहीं हुआ। वो हमने सीएम के हाथों 5 लाख लोगों को 17 महीने मे रोजगार दिलाया। हमने गरीब, पिछड़ों का आरक्षण बढ़ाया हैं।
इसके साथ ही तेजस्वी ने राजद पर मुस्लिम और यादव की पार्टी के आरोपों को लेकर कहा कि मोदी जी कहते हैं कि हमारी MY पार्टी है, लेकिन ऐसा नहीं है। हमारी माय-बाप (MY-BAAP) पार्टी है। महिला, गरीब, युवा मुस्लिम, अल्पसंख्यक, अगड़े हमारी पार्टी A टू Z की पार्टी है। माई बाप हमारी जनता है। आप ही पार्टी है। आप ही प्रेरणा है।
तेजस्वी ने पीएम मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेरे चाचा तो पलटीमार हैं लेकिन मोदी जी तो झूठ बोलने के मैन्युफैक्चरर हैं, होलसेलर हैं। मोदी जी ने ना कोई कारखाना दिया, ना नौकरी दी। विशेष राज्य का दर्जा क्या ही देंगे। गोबर को गाजर का हलवा बता कर भाजपा के लोग परोस देते हैं।
तेजस्वी ने आगे कहा- कल मोदी जी बोले मैं अपने पिता का नाम और काम क्यों नहीं गिनाता। मोदी जी जरा आज कान खोल के सुनिए। लालू जी ने ऐतिहासिक काम किया। 90 हज़ार करोड़ का मुनाफा UPA -1 में हुआ था। रेलवे को आज तक मुनाफा नहीं हुआ था, लेकिन लालू जी ने दिलवाया। आपके राज में रेलवे में 10 साल में कितना मुनाफा हुआ ये बताइए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग डरेंगे, न ही झुकेंगे। जनता की लड़ाई में जनता के लिए लड़ेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी वाशिंग मशीन के साथ दुष्ट मशीन भी हो गई है। सभी पार्टियों का कूड़ा वहां जाता है।
तेजस्वी ने सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को भी नहीं छोड़ा। तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी वालों ने दो-दो डिप्टी सीएम बनाया है। एक साउंड माउंट है तो दूसरा लाउड माउन्ट हैं। बड़बोले हैं। पिछले 14 साल से चुनाव नहीं लड़े हैं। लड़े हैं तो राजद से जीते हैं। सम्राट चौधरी 5-5 साल में पार्टी बदलते हैं।
तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से दावा किया कि 2024 में जदयू खत्म हो जाएगी। तेजस्वी ने कहा कि उनके गठबंधन में एक तरफ फिरका परस्त दूसरी तरफ मौका परस्त हैं। इस रैली में आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव, सीपीआई चीफ डी राजा, सीपीआईएम महासचिव सीताराम येचुरी भी मंच पर मौजूद हैं। इसके अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी महागठबंधन की रैली में शामिल हुए हैं। ग्वालियर से राहुल गांधी भी पटना पहुंच रहे हैं। वो भी राजद की जन विश्वास रैली में शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications