'कोई बेल पर है, कोई रेल के खेल में कोर्ट के चक्कर लगा रहा', गयाजी में क्या-क्या बोले PM मोदी, पढ़ें बड़ी बातें
PM Modi Gaya Ji statement key highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (22 अगस्त) को गया से बिहार को 13,000 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। मगध यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, ''जिसने पाप किया है, वो अपने पाप को दूसरों से छिपाता है, लेकिन खुद तो जानते हैं कि उन्होंने क्या किया है। कोई बेल पर बाहर है, कोई रेल के खेल में कोर्ट के चक्कर लगा रहे हैं।'' पीएम मोदी ने 'संविधान संशोधन विधेयक' को लेकर कहा कि 'जेल में बंद क्लर्क सस्पेंड हो जाता है तो PM-CM क्यों नहीं।'
पीएम मोदी ने कहा, ''गरीब के जीवन से मुश्किलें दूर करना, महिलाओं के जीवन को आसान बनाना, मुझे जनता-जनार्दन का सेवक बनकर यही काम करने में सबसे ज्यादा खुशी मिलती है।' पीएम मोदी ने कहा, ''मेरा एक बड़ा संकल्प है: जब तक हर जरूरतमंद को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। इसी सोच के साथ बीते 11 साल में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर बनाकर दिए जा चुके हैं।''

🔴 बिहार से लिया कोई भी संकल्प खाली नहीं जाता है: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा,
''बिहार से लिया कोई भी संकल्प खाली नहीं जाता है। जब-जब किसी दुश्मन ने भारत को चुनौती दी है, बिहार देश की ढाल बनकर खड़ा हुआ है। इस धरती पर लिया गया हर संकल्प कभी खाली नहीं जाता। जब कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, हमारे निर्दोष नागरिकों को उनका धर्म पूछकर मारा गया था, तब मैंने बिहार की इस धरती से आतंकियों को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी। आज दुनिया देख रही है - बिहार की धरती से लिया गया संकल्प पूरा हो चुका है।''
🔴 PM बोले- जनता का सेवक बनकर खुशी होती है
पीएम मोदी ने कहा-
मुझे जनता का सेवक बनकर उनके लिए काम करने में सबसे ज्यादा खुशी होती है। मेरा संकल्प है, जब तक हर किसी को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। इसी सोच में बीते 11 साल में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर दिए गए। केवल बिहार में 38 लाख से अधिक घर बने। गयाजी में 2 लाख लोगों को घर मिला है। हमने सिर्फ चारदीवारी नहीं दी, बल्कि गरीब को उसका स्वाभिमान दिया है। इनमें बिजली-पानी, गैस कनेक्शन की सुविधाएं दी हैं।
🔴 PM मोदी ने कहा- कोई CM हो या PM हो, गिरफ्तारी पर कुर्सी छोड़नी पड़ेगी
पीएम नरेंद्र मोदी ने संविधान संशोधन विधेयक पर कहा,
''इस कानून के बनने के बाद, अगर कोई मुख्यमंत्री, मंत्री या प्रधानमंत्री गिरफ्तार होता है, तो उसे 30 दिन के भीतर जमानत लेनी होगी, और अगर जमानत नहीं मिली तो 31वें दिन उसे कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। बाबा साहेब ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि सत्ता के भूखे लोग भ्रष्टाचार करेंगे और कुर्सी से चिपके रहेंगे। अब भ्रष्टाचारी जेल भी जाएगा और कुर्सी भी जाएगी।''
पीएम मोदी ने कहा, ''आप सोचिए, आज कानून है कि अगर किसी छोटे सरकारी कर्मचारी को 50 घंटे तक हिरासत में रखा जाए तो वह अपने-आप निलंबित हो जाता है, लेकिन अगर कोई मुख्यमंत्री है, मंत्री है या प्रधानमंत्री है, तो वह जेल में रहकर भी सत्ता का सुख पा सकता है। हमने कुछ समय पहले ही देखा है कि कैसे जेल से ही फाइलों पर साइन किए जा रहे थे, जेल से ही सरकारी आदेश जारी किए जा रहे थे। नेताओं का अगर यही रवैया रहेगा, तो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई कैसे लड़ी जा सकती है?''
🔴 पीएम मोदी बोल- RJD का भ्रष्टाचार तो बिहार का बच्चा-बच्चा जानता है
पीएम मोदी ने कहा,
''इतने वर्षों में हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा, जबकि आज़ादी के बाद कांग्रेस की सरकारें जो 60-65 साल तक सत्ता में रहीं, उनके भ्रष्टाचारों की एक लंबी सूची है। आरजेडी का भ्रष्टाचार तो बिहार का बच्चा-बच्चा जानता है। मेरा साफ मानना है कि अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना है, तो कोई भी कार्रवाई से बाहर नहीं होना चाहिए।''
पीएम मोदी ने कहा, ''हमारे देश में चाहे कांग्रेस हो या आरजेडी, इनकी सरकारों ने कभी जनता के पैसों का मोल नहीं समझा, इनके लिए जनता के पैसों का मतलब सिर्फ अपनी तिजोरी भरना रहा है। इसी वजह से इनकी सरकारों में सालों-साल तक परियोजनाएं पूरी नहीं होती थीं। कोई योजना जितनी लटकती थी, ये उतना ही पैसा उसमें कमा लेते थे।''
🔴 PM मोदी ने कहा- लालटेन राज में यह क्षेत्र लाल आतंक में जकड़ा हुआ था
पीएम मोदी ने कहा,
''आप याद कीजिए, लालटेन राज में यह क्षेत्र लाल आतंक में जकड़ा हुआ था। माओवादियों की वजह से शाम के बाद कहीं आना-जाना मुश्किल हो जाता था। गया जी जैसे शहर लालटेन राज में अंधेरे में डूबे रहते थे। हज़ारों गांव ऐसे थे जहां बिजली के खंभे तक नहीं पहुंचे थे। लालटेन राज ने पूरे बिहार के भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया था। न शिक्षा थी, न रोजगार, बिहार की कितनी ही पीढ़ियों को इन लोगों ने बिहार से पलायन के लिए मजबूर कर दिया था। बिहार के लोगों को आरजेडी और उनके साथी सिर्फ अपना वोट बैंक मानते थे। उन्हें गरीब के सुख-दुख, गरीब के मान-सम्मान से कोई मतलब नहीं था।''
पीएम मोदी ने कहा, ''आपको याद होगा कि कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री ने मंच से कह दिया था कि अपने राज्य में बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। बिहार के लोगों से कांग्रेस की इतनी नफरत, कोई भूल नहीं सकता, कांग्रेस का बिहार के लोगों के प्रति दुर्व्यवहार देखने के बावजूद भी यहां आरजेडी वाले सोए पड़े थे।''












Click it and Unblock the Notifications