'पंजे और लालटेन वालों ने बिहार में लूट मचाई', PM Modi ने याद दिलाया 'जंगलराज', पढ़ें 10 बड़ी बातें
PM Modi Bihar Visit Siwan Today: चुनावी साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बिहार का रुख किया और सीवान जिले के जसौली में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सहित एनडीए के कई नेता मंच पर मौजूद रहे।
मोदी ने अपने संबोधन में विकास की योजनाओं की झड़ी लगाई और विपक्ष को सीधे निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने कांग्रेस (पंजा) और राष्ट्रीय जनता दल (लालटेन) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने बिहार को "पलायन का प्रतीक" बना दिया था।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बीते 10 वर्षों में बिहार को बदहाली और जंगलराज से निकालकर विकास के पथ पर अग्रसर किया है।
PM Modi के भाषण की 10 प्रमुख बातें:
1. 'बिहार का विकास, भारत की प्रगति की नींव'
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए की। उन्होंने कहा, "बिहार संविधान की धरती है, स्वतंत्रता संग्राम की भूमि है। यहां हर क्षेत्र में तेज़ी से विकास हो रहा है। बिहार समृद्ध होगा, तभी भारत महाशक्ति बनेगा।"
2. जंगलराज और पलायन पर विपक्ष को घेरा
पीएम मोदी ने कांग्रेस (पंजा) और राजद (लालटेन) पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने बिहार को "पलायन का प्रतीक" बना दिया। बिहार के नौजवानों ने 20 साल पहले के जंगलराज की बदहाली केवल कहानियों में सुनी है। इन पार्टियों ने गरीबी और पलायन को बिहार की पहचान बना दिया था। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने उस अंधकार युग से बिहार को बाहर निकाला है।
3. विकास के आंकड़ों की प्रस्तुति
- प्रधानमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया:
- 55,000 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण
- 1.5 करोड़ घरों को बिजली कनेक्शन
- 1.5 करोड़ घरों में जलापूर्ति
- 57 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर
- 45,000 से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर
- 12 करोड़ परिवारों को नल का जल
4. नई वंदे भारत एक्सप्रेस और अन्य योजनाएं
पीएम मोदी ने पाटलिपुत्र से गोरखपुर के लिए नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही उन्होंने बिहार के 22 शहरों में सीवरेज और जलापूर्ति से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 53,666 लाभार्थियों के खाते में कुल 536 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई।
5. विपक्ष को बताया "स्वार्थी गठबंधन"
उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा,"ये लोग फिर से बिहार में जंगलराज लौटाने की तैयारी में हैं। आर्थिक संसाधनों पर कब्जा करने के लिए ये नई चालें चल रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता जागरूक है और उन्हें दोबारा मौका नहीं देगी।"
6. गरीबों को 536 करोड़ की राशि ट्रांसफर
उन्होंने 22 शहरों में सीवरेज और जलापूर्ति परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पीएम मोदी ने 53,666 लाभार्थियों को 536 करोड़ रुपये की पहली किस्त खाते में भेजी।
7. बिहार को 'मेक इन इंडिया' का हब बनाने का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार अब देश का अगला मेक इन इंडिया हब बनने जा रहा है। सारण जिले के मढ़ौरा में बने लोकोमोटिव अब अफ्रीका निर्यात किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "जिस सारण को आरजेडी-कांग्रेस ने पिछड़ा समझकर छोड़ दिया था, वहां अब रेल इंजन बन रहे हैं।"
8. लालू यादव पर हमला, बाबा साहेब आंबेडकर का जिक्र
प्रधानमंत्री ने आरजेडी पर बाबा साहेब के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मोदी बाबा साहेब को दिल में रखता है, ये लोग तस्वीर को पैरों में रखते हैं। इन्हें दलितों और पिछड़ों का कोई सम्मान नहीं।"
9. 'गरीबी हटाओ' पर व्यंग्य, नीतीश सरकार की सराहना
पीएम ने कहा, "दशकों से गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते रहे, लेकिन पहली बार 25 करोड़ लोगों ने गरीबी से बाहर आने का काम किया।" उन्होंने इसमें बिहार और नीतीश सरकार की भूमिका को अहम बताया।
10. 'मोदी शांत होकर बैठने वाला नहीं' - विकास जारी रहेगा
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने दो टूक कहा, "मैं बिहार वासियों को विश्वास दिलाता हूं कि मोदी इतनी मेहनत के बाद भी शांत नहीं बैठेगा। अभी और बहुत कुछ करना बाकी है।"
राजनीतिक संकेत और चुनावी रणनीति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा सिर्फ योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी है। सीवान की रैली से उन्होंने स्पष्ट रुप से विपक्ष को घेरा है। एनडीए बिहार विधानसभा चुनाव में लालू के जंगलराज, बिहार के विकास और कानून व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बनाकर वोटरों को फिर से जोड़ने की कोशिश में जुट गया है।
सीवान की रैली में पीएम मोदी ने जहां एक ओर अपनी सरकार की उपलब्धियों का खाका पेश किया, वहीं दूसरी ओर विपक्ष पर तीखा प्रहार कर यह स्पष्ट कर दिया कि बिहार भाजपा और एनडीए के चुनावी रोडमैप में सबसे प्रमुख राज्यों में शामिल है। योजनाओं की घोषणाओं और सांस्कृतिक प्रतीकों के इस्तेमाल से यह रैली पूरी तरह चुनावी मूड में थी।












Click it and Unblock the Notifications