'ये कोई मजाक नहीं', प्रशांत किशोर ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' पर सरकार को क्यों चेताया? CJI को भी दे डाली सलाह!
Prashant Kishor: देश में सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई 'कॉकरोच जनता पार्टी' अब केवल एक ऑनलाइन ट्रेंड नहीं रह गई है, बल्कि इसे लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है। लाखों-करोड़ों युवा इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं और अब इस मुद्दे पर चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी खुलकर अपनी राय रखी है।
पीके ने कहा कि सरकार और व्यवस्था चला रहे लोगों को इस डिजिटल कैंपेन को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि यह युवाओं के भीतर बढ़ते गुस्से और निराशा का संकेत है। प्रशांत किशोर ने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं ने युवाओं के भीतर असंतोष पैदा किया है, जो अब सोशल मीडिया के जरिए सामने आ रहा है। इस दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को लेकर भी सवाल उठाए।

CJI की टिप्पणी पर उठाए सवाल
दरअसल, 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम की शुरुआत उस समय चर्चा में आई जब सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। आरोप लगा कि उन्होंने वकीलों और युवाओं के संदर्भ में 'कॉकरोच' और 'परजीवी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि कई बार अदालतों में ऑफ द रिकॉर्ड बातें हो जाती हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में बैठे लोगों को शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले भी जन सुराज के एक मामले में अदालत की तरफ से ऐसी टिप्पणी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि चुनाव हारने के बाद कोर्ट क्यों आए हैं।
Cockroach Janta Party से सरकार को क्यों डरना चाहिए? pic.twitter.com/eSg45oVgun
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) May 23, 2026
'युवाओं की भावना आहत हुई'
प्रशांत किशोर ने कहा कि इस बार भी कुछ ऐसा कहा गया जिससे युवाओं की भावना को ठेस पहुंची। उनके मुताबिक, बाद में सफाई देकर बयान को ठीक करने की कोशिश जरूर की गई, लेकिन तब तक मामला सोशल मीडिया पर बड़ा मुद्दा बन चुका था।
उन्होंने कहा, "न्यायपालिका पर टिप्पणी करना मेरा अधिकार नहीं है, लेकिन न्यायाधीशों को भी ऐसे मामलों में विषय से हटकर बयान देने से बचना चाहिए। आज सोशल मीडिया का दौर है और किसी भी बात का असर तुरंत दिखाई देता है।"
'2 करोड़ लोग यूं ही नहीं जुड़े'
कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में लोगों के जुड़ने को लेकर भी प्रशांत किशोर ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ मजाक या ट्रेंड की वजह से नहीं जुड़ रहे, बल्कि इसके पीछे जमीन पर मौजूद समस्याएं हैं।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, भ्रष्टाचार को लेकर लोगों में नाराजगी है, महंगाई ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और गैस व उर्वरकों जैसी जरूरी चीजों की कमी भी लोगों को परेशान कर रही है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा इस अभियान के साथ जुड़ रहे हैं।
सरकार को दी चेतावनी
प्रशांत किशोर ने कहा कि इंस्टाग्राम पर करोड़ों लोगों का जुड़ना सिर्फ एक डिजिटल आंकड़ा नहीं है। उनके मुताबिक, यह उस गुस्से का संकेत है जो धीरे-धीरे समाज में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर लोगों की परेशानियां दूर नहीं हुईं तो यही नाराजगी आगे चलकर किसी बड़े आंदोलन या विरोध के रूप में सामने आ सकती है।
उन्होंने कहा कि चाहे लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ें या सड़क पर उतरकर विरोध करें, लेकिन अगर जनता के भीतर गुस्सा है तो सरकार को कभी न कभी उसका सामना करना ही पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: Santy Sharma कौन हैं? जिन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी को बताया इंटरनेट तमाशा, संस्थापक पर लगाए गंभीर आरोप












Click it and Unblock the Notifications