Bihar Chunav 2025: नवंबर के बाद बिहार को लूटने वाले सभी भ्रष्ट अधिकारियों से एक-एक पैसा वसूला जाएगा- PK
Bihar Chunav 2025: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को गोपालगंज के बरौली में बिहार बदलाव यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा में भ्रष्टाचार और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर जमकर हमला बोला। बारिश के बीच जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की और चुनाव आयोग से लेकर बिहार सरकार के मंत्रियों तक पर तीखे सवाल दागे।
बिहार में बदलाव तय है- प्रशांत किशोर
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए उन्होंने भाजपा नेता भीखू भाई दलसानिया का नाम बिहार की वोटर लिस्ट में जोड़े जाने के मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा- "चुनाव आयोग चाहे जिसे भी वोटर बना ले, जिसका नाम काटना है काट ले, जोड़ना है जोड़ ले... लेकिन बिहार की जनता बदलाव का मन बना चुकी है, इस बार बदलाव तय है।"

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर साधा निशाना
बेतिया सदर अस्पताल में वृद्ध के शव को घसीटे जाने वाले वायरल वीडियो पर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को आड़े हाथों लिया। प्रशांत किशोर बोले- "जब तक बिहार में मंगल पांडे जैसे लोग स्वास्थ्य मंत्री रहेंगे, जिनका काम लूटना और चोरी करना है, तब तक स्वास्थ्य व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती।"
भ्रष्ट नेताओं और अफसरों को खुली चेतावनी
इसी दौरान उन्होंने भ्रष्ट नेताओं और अफसरों को खुली चेतावनी देते हुए कहा, "जिन्होंने बिहार को लूटा है, उनकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। तीन महीने बाकी हैं, जन सुराज की व्यवस्था बनते ही इन्हें पकड़ा जाएगा और इनके बच्चों तक से लूट के पैसे का हिसाब लिया जाएगा।"
बरौली की इस जनसभा में प्रशांत किशोर के तेवर साफ संकेत देते हैं कि उनकी बिहार बदलाव यात्रा चुनावी मोड़ ले चुकी है। अब आने वाले महीनों में उनके आरोपों और चेतावनियों का सियासी असर कितना होगा, यह चुनावी नतीजे ही तय करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications