Patna Metro का ट्रायल पूरा, नवरात्र में उद्घाटन की तैयारी तेज, जानिए कितना होगा किराया और पूरी डिटेल्स
Patna Metro: पटना मेट्रो अब अपने अंतिम चरण में है। राजधानीवासियों को जल्द ही जाम से राहत मिलने वाली है, क्योंकि पटना मेट्रो का पहला कॉरिडोर भूतनाथ से लेकर आइएसबीटी (ISBT) तक ट्रायल रन में सफल हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि नवरात्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे।
ट्रायल में मिली हरी झंडी
मंगलवार को एलिवेटेड कॉरिडोर पर मेट्रो का सफल ट्रायल किया गया। इस मौके पर आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के आला अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने सुरक्षा इंतज़ामों का जायजा लिया और सभी तैयारियों को अंतिम मंजूरी दे दी। फिलहाल तीन स्टेशन-भूतनाथ, जीरो माइल और ISBT-लगभग पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। लाइटिंग, एंट्री-एग्जिट गेट और तकनीकी उपकरणों की इंस्टॉलेशन का काम अंतिम चरण में है।

दुर्गापूजा में उद्घाटन की संभावना
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पटना मेट्रो का उद्घाटन दुर्गापूजा (Durga Puja 2025) के समय होगा। इस अवसर पर विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी भी चल रही है ताकि उद्घाटन समारोह और आम जनता दोनों को सुविधा मिल सके।
सुबह 8 से रात 10 बजे तक सेवा
पटना मेट्रो प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक (14 घंटे) यात्रियों की सेवा करेगी। एक फेरा पूरा करने में करीब 20 मिनट लगेंगे। यानी यदि कोई यात्री सुबह 8 बजे भूतनाथ से मेट्रो पकड़ता है तो उसी रूट पर अगली मेट्रो लगभग 8:20 बजे उपलब्ध होगी।
किराया किफायती, सिर्फ 15 से 30 रुपये
शुरुआती चरण में मेट्रो का किराया बेहद किफायती रखा गया है।
एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने का किराया सिर्फ 15 रुपये होगा।
लंबी यात्रा पर अधिकतम किराया 30 रुपये लगेगा।
भविष्य में जब कॉरिडोर को मलाही पकड़ी तक बढ़ाया जाएगा, तब किराए में थोड़ी वृद्धि की जा सकती है।
यात्रियों को बड़ी राहत
पटना शहर लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और आम यात्री रोजाना घंटों जाम में फंसते हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद शहर में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
अब सिर्फ उद्घाटन का इंतजार
निरीक्षण में अधिकारियों ने सुरक्षा इंतज़ामों को हरी झंडी दे दी है। स्टेशन के टिकटिंग सिस्टम, प्रवेश और निकास द्वार पूरी तरह तैयार हैं। अब पटना के लोगों को बस उद्घाटन समारोह का इंतजार है, जिसके बाद राजधानीवासियों का सपना सच हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications