Patna Metro: आम लोगों के लिए दौड़ने लगी पटना मेट्रो, पहले दिन कितने यात्रियों ने की सवारी?
Patna Metro Day 1 Revenue: पटना के लिए मंगलवार की सुबह इतिहास में दर्ज होने वाली साबित हुई। जब शहर की पहली मेट्रो ट्रेन सेवा जनता के लिए शुरू हुई। यह केवल एक नई ट्रेन सेवा नहीं है, बल्कि बिहार की राजधानी के लिए दशकों पुराना सपना हकीकत में बदलने जैसा अनुभव है। शहर के लोगों ने सालों से मेट्रो का इंतजार किया, और मंगलवार को यह इंतजार खत्म हुआ।
सुबह से ही स्टेशन पर उत्साह का माहौल था। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और परिवार सभी मेट्रो का पहला सफर करने आए। स्टेशन पर हंसी-खुशी, सेल्फी और खुशियों का माहौल देखने लायक था। लोगों ने कहा कि अब यात्रा आसान, सुरक्षित और आरामदायक हो गई है। यह मेट्रो सेवा सिर्फ यातायात का साधन नहीं, बल्कि शहर के विकास और आधुनिकता की पहचान बन गई है।

पहले दिन बीके कितने टिकट?
सुबह आठ बजे के बाद, नई आईएसबीटी और भूतनाथ के बीच चलने वाली 4.2 किलोमीटर लंबी मेट्रो रूट पर लोग उत्साह से भरपूर दिखे। पहले दिन करीब 5,000 यात्रियों ने मेट्रो का लाभ लिया और टिकटों की बिक्री लगभग 80,000 रुपये रही।
ये भी पढ़ें: Bengaluru Metro: नम्मा मेट्रो फेज-3A का काम जल्द होगा शुरू, सरजापुर से हेब्बाल तक सफर होगा आसान
टिकट की कीमत 15 रुपये रखी गई थी और यात्री कैश या यूपीआई से भुगतान कर सकते थे। हालांकि, कुछ यात्रियों को 45 मिनट की समय सीमा पार करने पर 10 से 50 रुपये का जुर्माना भी देना पड़ा, विशेषकर भूतनाथ स्टेशन पर।
पटना मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सभी तीन चालू स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के कर्मियों ने एंट्री पॉइंट्स पर जांच के बाद ही यात्रियों को प्रवेश दिया। BSAP कर्मियों ने दिल्ली और छत्तीसगढ़ में दो महीने का विशेष प्रशिक्षण लिया था। स्टेशन प्रबंधन में प्राइवेट सुरक्षा एजेंसियों ने भी मदद की, जबकि टिकट काउंटर और कस्टमर सर्विस में दिल्ली से प्रशिक्षित कर्मचारी दो शिफ्टों में काम कर रहे थे।
जाम से निजात मिलने की उम्मीद
पटना मेट्रो की सफलता के साथ, बिहार उन भारतीय राज्यों में शामिल हो गया है जो आधुनिक शहरी परिवहन को अपना रहे हैं। यात्रियों के लिए यह सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि शहर के विकास और भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है। एक यात्री ने खुशी से कहा, "यह केवल एक ट्रेन नहीं है, यह पटना का आगे बढ़ना है।" पटनावासियों के लिए यह दिन यादगार रहा।
अभी केवल एक लाइन का उद्घाटन किया गया है जिसमें फिलहाल 3 स्टेशन हैं। उम्मीद है जल्द की बाकी लाइन्स का काम भी पूरा हो जाएगा और बाकि स्टेशन भी लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। मेट्रो के शुरू होने से पटना की जनता को जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: Patna Metro: खत्म हुआ वर्षों का इंतजार! हुआ पटना मेट्रो का शुभारंभ, कितने स्टेशन, लगेगा कितना किराया?












Click it and Unblock the Notifications