Bihar News: पटना में एक्शन मोड में पुलिस! गायघाट एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या गिरफ्तार
Bihar Gaighat Encounter News: बिहार की राजधानी पटना में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। आलमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गायघाट इलाके में पुलिस मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान अपराधी को गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

Bihar Police ने सूचना के आधार पर की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजीव कुमार उर्फ सूर्या लंबे समय से पटना और आसपास के इलाकों में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह गायघाट इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इसी सूचना के आधार पर आलमगंज थाना पुलिस ने इलाके में विशेष अभियान चलाया।
Surya ने खुद को घिरा देख पुलिस पर की फायरिंग
जब पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अपराधी को पकड़ने की कोशिश की, तो राजीव कुमार ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू में ले लिया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम भी मौजूद है, जो पूरे इलाके की जांच कर रही है। मौके से हथियार, कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक जांच के जरिए मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों को रिकॉर्ड किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि राजीव कुमार उर्फ सूर्या की गिरफ्तारी से पटना में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस को उम्मीद है कि उसके ठीक होने के बाद पूछताछ में कई अन्य अपराधियों, गैंग और हालिया वारदातों से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।
पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में अपराध पर नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications