Bihar News: पटना में दिल दहला देने वाली वारदात, ट्यूशन से घर नहीं लौटे मासूम, कार से मिले शव, किस पर शक की सूई
Bihar, Patna News: राजधानी पटना की इंद्रपुरी कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार से दो मासूम भाई-बहन के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान दीपक (5) और लक्ष्मी (7) के रूप में हुई है।
घटना का सिलसिला
घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है, वहीं परिजनों ने इसको 'डबल मर्डर' करार देते हुए ट्यूशन शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों बच्चे दोपहर करीब 12:30 बजे पास ही रहने वाली शिक्षिका ममता के घर ट्यूशन पढ़ने गए थे।

देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिवार ने खोजबीन शुरू की। शिक्षिका से पूछताछ पर उसने कहा कि बच्चे ट्यूशन से निकल चुके हैं। करीब सात बजे पास ही खड़ी एक कार से दोनों के शव बरामद हुए। परिजनों का कहना है कि शव मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप
मृतक बच्चों की माँ किरण देवी ने दावा किया कि बच्चों के शरीर पर जलने और मारपीट के निशान थे। उनका आरोप है कि ट्यूशन शिक्षिका ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद शवों को कार में छुपा दिया।
पुलिस की जाँच
सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि जब बच्चों को कार से बरामद किया गया, उस समय बच्ची की साँसें चल रही थीं। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर कार की फॉरेंसिक जांच कराई गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट में बच्चों के शरीर पर चोट और जलने के निशान की पुष्टि हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। ट्यूशन शिक्षिका की भूमिका को लेकर संदेह गहराता जा रहा है, लेकिन पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुँची है। इस दर्दनाक वारदात ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है और इलाके में गहरा आक्रोश और मातम का माहौल है।












Click it and Unblock the Notifications