BPSC विवाद: पप्पू यादव ने राज्यपाल से मिलकर सौंपा ज्ञापन, बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग
Pappu Yadav On BPSC: बिहार में बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध तेज हो गया है। रविवार को पटना में जब अभ्यर्थी सीएम हाउस का घेराव करने पटना की सड़कों पर उतरे, तो पुलिस को लाठीचार्ज और वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। इस घटना ने बिहार के राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
इस बीच, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोमवार को बिहार के राज्यपाल से मुलाकात की और विरोध प्रदर्शन को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।पप्पू यादव ने मीडिया को बताया कि राज्यपाल से मुलाकात के दौरान बीपीएससी के अध्यक्ष के साथ एक लंबी और सटीक बातचीत हुई।

पप्पू यादव ने राज्यपाल से सवाल किया कि छात्रों पर लाठी क्यों चलाई गई और उनके खिलाफ केस क्यों दर्ज किया गया। इस पर राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि इस मामले की जांच होगी और मुख्यमंत्री से भी इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी। उन्होंने बीपीएससी के अध्यक्ष को भी बुलाने का निर्णय लिया है।
पप्पू यादव ने कहा, "राज्यपाल ने सीधे बीपीएससी अध्यक्ष से बात की और उनसे पूछा कि क्यों लाठीचार्ज हुआ और क्यों छात्रों पर FIR दर्ज की गई। राज्यपाल ने कहा कि वह डीएम और एसपी से भी बात करेंगे और जांच करेंगे कि इस पूरे मामले में क्या कारण थे। मुख्यमंत्री से भी वह बात करेंगे।"
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्होंने बिहार के महामहिम राज्यपाल से मुलाकात की और छात्रों के हित में ज्ञापन सौंपा। पप्पू यादव ने बीपीएससी की 70वीं परीक्षा में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर पूरी परीक्षा को रद्द करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सभी छात्रों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए। इसके साथ ही पप्पू यादव ने आंदोलनरत छात्रों पर लाठीचार्ज के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की और परीक्षा में धांधली की उच्चस्तरीय जांच की जरूरत जताई।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्यों 12,000 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा हो रही है, जबकि 4 लाख अभ्यर्थियों के लिए नहीं हो रही। पप्पू यादव ने कहा कि इस मामले की पूरी जांच होगी और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।
प्रशांत किशोर पर पप्पू यादव का हमला
वहीं, पप्पू यादव ने बीपीएससी के विरोध प्रदर्शन को लेकर आलोचना करते हुए प्रशांत किशोर पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "इस आंदोलन को एक फ्रॉड किशोर ने बेच दिया। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ मिलकर पैसे का सांठगांठ किया और सरकार के साथ मिलकर इस आंदोलन को अपनी साजिश का हिस्सा बना लिया।"
प्रदर्शन में पुलिस कार्रवाई, कई छात्र घायल
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बीपीएससी पीटी परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए हैं। रविवार को जब प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से सीएम हाउस का घेराव करने के लिए निकले, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जब छात्र नहीं माने, तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और वाटर कैनन से पानी की बौछार की गई, जिससे कई छात्र घायल हो गए।
यह भी पढ़ें 'जन सुराज पार्टी है नीतीश सरकार की बी-टीम', तेजस्वी यादव ने प्रशांत किशोर पर साधा निशाना












Click it and Unblock the Notifications