Bihar News: Court में गवाही होगी आसान, डॉक्टर-पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करेगा नया App, जानिए पूरा मामला
Bihar News: राज्य में लंबित मुकदमों के तेजी से निपटारे के लिए पुलिस मुख्यालय ने अब गवाही प्रक्रिया को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आने वाले कुछ हफ़्तों में एक नया मोबाइल एप 'मेडलीप पीआर' शुरू किया जाएगा, जिसके जरिए डॉक्टरों और मेडिकल अधिकारियों को कोर्ट में वर्चुअल रूप से गवाही देने की सुविधा मिलेगी।
अक्सर अदालतों में मामलों की सुनवाई के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट या चोट संबंधी मेडिकल रिपोर्ट देने वाले डॉक्टरों की मौजूदगी बेहद अहम होती है। लेकिन कई बार उनकी व्यस्तता या दूर-दराज़ तैनाती की वजह से वे समय पर कोर्ट में हाज़िर नहीं हो पाते। इस समस्या को दूर करने के लिए यह एप तैयार किया जा रहा है।

ऐसे करेगा काम
एप पर संबंधित डॉक्टर या मेडिकल ऑफिसर का रजिस्ट्रेशन होगा।
मुकदमे की सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी उन्हें पहले से भेज दी जाएगी।
यदि डॉक्टर कोर्ट में शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हो पाते तो एप पर लॉग-इन कर ऑनलाइन गवाही दे सकेंगे।
ऑनलाइन दिए गए बयान को विधिक प्रक्रिया के तहत मान्य माना जाएगा।
इस व्यवस्था से कोर्ट में गवाही का काम बाधित नहीं होगा और मामलों का निपटारा तय समय सीमा के भीतर हो सकेगा।
पुलिस वालों के लिए भी डिजिटल पोर्टल
गवाही की बाध्यता पुलिसकर्मियों के लिए भी होती है। 2007 में इनके लिए विशेष पोर्टल बनाया गया था, जिसे अब फिर से पूरी तरह सक्रिय किया जा रहा है। जिन पुलिसकर्मियों की तैनाती कोर्ट से दूर इलाकों में है, वे इसी पोर्टल के जरिए अपनी गवाही दर्ज कर सकेंगे।
न्याय प्रक्रिया होगी तेज
डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि कोर्ट में गवाहों की समय पर मौजूदगी सुनिश्चित कराना प्राथमिकता है। डॉक्टर और पुलिसकर्मी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से समय पर गवाही देंगे तो लंबित मामलों के निपटारे की रफ़्तार बढ़ेगी और दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया भी तेज होगी।












Click it and Unblock the Notifications