सैनिटरी पैड मांगने पर 'कंडोम' की बात कहने वाली IAS हरजोत के खिलाफ एक्शन में नीतीश सरकार, बुलाई तत्काल बैठक
किफायती सैनिटरी नैपकिन की मांग करने वाली छात्रा पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की ओर से की गई टिप्पणी पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
पटना, 29 सितंबर: किफायती सैनिटरी नैपकिन की मांग करने वाली छात्रा पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की ओर से की गई टिप्पणी पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि आईएएस अधिकारी हरजोत कौर बम्हारा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नीतीश कुमार ने कहा कि इस मामले में हमने तत्काल मीटिंग बुलाई है। हम महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मदद कर रहे हैं। हम हर चीज पर नजर रख रहे हैं। आईएएस अधिकारी की ऐसी टिप्पणी निंदनीय है।

वहीं इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने आईएएस हरजोत कौर से 7 दिनों के अंदर लिखित जवाब मांगा है। राष्ट्रीय महिला आयोग के बाद नीतीश कुमार ने भी तत्काल बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि आईएएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा ने पूछा तो आईएएस ने दिया ये जवाब
बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को महिला एवं बाल विकास निगम की तरफ से यूनिसेफ सेव द चिल्डन और प्लान इंटरनेशनल के तहत 'सशक्त बेटी समृद्ध' नामक एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में छात्राएं उपस्थित हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास निगम की अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरजोत कौर बम्हरा से एक छात्रा ने सवाल किया कि सरकार की तरफ से यूनिफॉर्म और स्कॉलरशिप दी जा रही है। ऐसे में सरकार 20-30 रुपए की सैनिटेरी पैड भी दे सकती है?
आज पैड मांग रही हो कल कंडोम मांगोगी
छात्रा के इस सवाल पर हरजोत कौर बम्हरा भड़क गईं। छात्रा को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि क्या मांगों का कोई अंत है। हरजोत कौर ने कहा कि कल को जब परिवार नियोजन की बात आएगी, तो कंडोम भी लोग मांगने लगेंगे। छात्रा ने उनके इस जवाब पर कहा कि लोगों का अधिकार है मांगना, क्योंकि सरकार लोगों के वोट से ही बनती है। इस पर हरजोत कौर बम्हरा ने कहा कि ये बेवकूफी है। वोट करो और अगर ज्यादा दिक्कत है तो पाकिस्तान जाओ। छात्रा ने जवाब देते हुए कहा कि मैं क्यों पाकिस्तान जाऊं, मैं भारतीय हूं और भारत में रहूंगी।
यह भी पढ़ें- 'सैनिडरी पैड' के सवाल पर 'फ्री कंडोम' की बात कहने वाली IAS से अब NCW ने मांगा जवाब












Click it and Unblock the Notifications