नीतीश अब बिहार के CM नहीं रहेंगे! खुद किया ऐलान – ‘राज्यसभा जाना चाहता हूं’, बोले- बिहार की नई सरकार को सहयोग
Bihar Nitish Kumar Rajya Sabha: बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद साफ कर दिया है कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वह बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वह इस बार राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने का फैसला कर रहे हैं।
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बिहार की जनता ने दो दशक से ज्यादा समय तक उन पर भरोसा किया और उसी विश्वास के बल पर उन्होंने राज्य की सेवा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर वह राज्यसभा जाते हैं तो भी बिहार से उनका रिश्ता और जिम्मेदारी बनी रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में क्या-क्या कहा?
सीएम नीतीश ने एक्स पोस्ट पर लिखा,
''पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।''
आज हो सकता है नामांकन (Nomination)
सूत्रों के मुताबिक विधानसभा में नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, निशांत कुमार और मनीष वर्मा का नामांकन रिसीप्ट कट चुका है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। खबर यह भी है कि वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ पर्चा भर सकते हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी इस मौके पर मौजूद रहने की संभावना है।
सीएम हाउस के बाहर जुटे कार्यकर्ता (JDU Workers Protest)
इधर राज्यसभा जाने की खबरों के बाद पटना में सीएम हाउस के बाहर जेडीयू कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी है। कई समर्थक भावुक नजर आए और उनका कहना है कि नीतीश कुमार बिहार के नेता हैं और उन्हें राज्य छोड़कर दिल्ली नहीं जाना चाहिए। कुछ कार्यकर्ता तो रोते हुए भी दिखाई दिए और उन्होंने कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपने नेता को बिहार से जाने नहीं देंगे।












Click it and Unblock the Notifications