Nitish Kumar: अमित शाह-राहुल गांधी के पड़ोसी बने नीतीश कुमार, मिला टाइप-8 बंगला, क्या है खासियत?
Nitish Kumar New Bungalow: बिहार की राजनीति में 2 दशक तक मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद अब नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपनी नई पारी की तैयारी पूरी कर ली है। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद केंद्र सरकार ने उन्हें लुटियंस दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित इलाकों में से एक, सुनहरी बाग रोड पर बंगला आवंटित किया है।
दिल्ली का यह क्षेत्र सत्ता के गलियारों का केंद्र माना जाता है, जहां देश की सबसे ताकतवर हस्तियां रहती हैं। नीतीश कुमार का यह नया घर सुरक्षा और लोकेशन, दोनों के लिहाज से बेहद खास है। दिलचस्प बात यह है कि इस बंगले से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) का आवास मात्र 150 मीटर और कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का घर लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।

नीतीश कुमार का नया पता (Nitish Kumar New Address)
दिल्ली का सुनहरी बाग रोड इलाका अपनी वीआईपी मौजूदगी के लिए जाना जाता है। नीतीश कुमार के इस नए ठिकाने के पास न केवल अमित शाह और राहुल गांधी रहते हैं, बल्कि इसी क्षेत्र में बीजेपी के कद्दावर नेता नितिन नबीन का भी निवास है। लुटियंस बंगला जोन (LBZ) का यह हिस्सा सुरक्षा के चाक-चौबंद घेरे में रहता है। बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार को सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला नंबर-9 आवंटित किया गया है। ये एक टाइप-8 बंगला है।
ये भी पढ़ें: बिहार में पहली बार भाजपा का CM! वो 5 वजहें जिसने सम्राट चौधरी को बनाया 'सुल्तान', कैसे जीता BJP-RSS का भरोसा
3 एकड़ का भव्य परिसर पर है 1 अणे मार्ग वाली बात
नीतीश कुमार को मिला यह बंगला लगभग 3 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। हालांकि, पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग, जो करीब 6 एकड़ में फैला है, के मुकाबले यह एरिया के मामले में आधा है, लेकिन सुविधाओं में यह किसी महल से कम नहीं है।
- सुरक्षा: पूरे परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होती है और सुरक्षा के कड़े प्रोटोकॉल लागू हैं।
- आधुनिकता: बंगले के भीतर आधुनिक इंटीरियर के साथ-साथ शानदार सुविधाओं का इंतजाम किया गया है।
क्या होता है टाइप-8 बंगला?
सरकारी नियमों के अनुसार, टाइप-8 बंगले दिल्ली में उपलब्ध सबसे उच्च श्रेणी के आवास होते हैं। ये आमतौर पर केवल कैबिनेट मंत्रियों, सुप्रीम कोर्ट के जजों, पूर्व राष्ट्रपति या पूर्व उपराष्ट्रपतियों को ही दिए जाते हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी इसी श्रेणी के बंगले में रहते हैं।
टाइप-8 बंगले की खासियत
- टाइप-8 बंगले में आमतौर पर 5 बड़े बेडरूम होते हैं।
- गेस्ट के लिए एक विशाल लिविंग रूम और औपचारिक डाइनिंग एरिया।
- एक स्टडी रूम और कई वाहनों के लिए गैरेज।
- एक बड़ा और हरा-भरा लॉन।
कैसे होता है बंगले का आवंटन?
दिल्ली में इन बंगलों का अलॉटमेंट केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत होता है। इसके लिए कड़े नियम निर्धारित हैं, जिसमें नेता की वरिष्ठता, उनके वर्तमान पद और उनके राजनीतिक कद को प्राथमिकता दी जाती है।
नीतीश कुमार की लंबी राजनीतिक यात्रा और उनकी वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें यह विशेष श्रेणी का बंगला प्रदान किया गया है। लुटियंस दिल्ली का यह क्षेत्र करीब 23.60 वर्ग किलोमीटर में फैला है, जहां देश की किस्मत के फैसले लेने वाले चेहरे रहते हैं। अब नीतीश कुमार भी इसी विशेष क्लब का हिस्सा बन गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications