'CM के तौर पर नीतीश मंजूर नहीं...' RJD-JDU के बीच जारी कोल्ड वॉर के बीच बीजेपी ने रखी शर्त- सूत्र
Bihar news, बिहार की राजनीति में एक बार फिर से उथलपुथल देखने को मिल रही है। आरजेडी और जेडीयू में कोल्ड वार जैसी स्थिति बन गई है। नीतीश के परिवारवाद वाले बयान के बाद लालू की बेटी रोहिणी ने बिना नाम लिए नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है।
रोहिणी के इस पोस्ट के बाद सियासी अटकलें और तेज हो गई हैं। मीडिया में दावा किया जा रहा है कि, नीतीश कुमार ने भी रोहिणी आचार्य के पोस्ट पर जानकारी मंगवाई है। इसी बीच एक और दिलचस्प खबर सामने आई है। बीजेपी सूत्रों की तरफ से दावा किया गया है कि नीतीश उन्हें तभी मंजूर होंगे जब वो मुख्यमंत्री का पद छोड़ते हैं।

दरअसल कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के बाद नीतीश कुमार ने एक कार्यक्रम में इशारों-इशारों में लालू यादव के परिवार पर निशाना साधते हुए परिवारवाद पर बयान दिया था। जिसके बाद लालू की बेटी ने आज ट्वीट कर नीतीश पर तीखा हमला बोला है। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार इससे काफी नाराज हो गए हैं। उन्होंने रोहिणी के ट्वीट पर जानकारी मांगी है।
बता दें कि, रोहिणी ने अपने पोस्ट में कहा, 'समाजवादी पुरोधा होने का करता वही दावा है,हवाओं की तरह बदलती जिनकी विचारधारा है..'। 'खीज जताए क्या होगा, जब हुआ न कोई अपना योग्य विधि का विधान कौन टाले,जब खुद की नीयत में ही हो खोट।' इसके अलावा अपनी पहली पोस्ट में रोहिणी ने लिखा, 'अक्सर कुछ लोग नहीं देख पाते हैं अपनी कमियां, लेकिन किसी दूसरे पे कीचड़ उछालने को करते रहते हैं बदतमीजियां..'। दोनों दलों के बीच चल रही इस रस्साकशी ने नई आशंकाओं के जन्म दे दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी की ओर से कहा गया है कि, वह नीतीश को दोबारा सीएम के तौर पर स्वीकार नहीं कर सकती है। समझौता तभी संभव है जब नीतीश इस्तीफा दें और बीजेपी को सीएम पद मिले। अगर नीतीश सीएम पद सौंपने को तैयार नहीं होते हैं तो उनके पास विधानसभा भंग करने का ही विकल्प होगा। अगर ऐसा होता है तो फिर बिहार में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा के चुनाव भी हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन बेहद ही कमजोर स्थिति में पहुंच गया है। नीतीश कुमार जल्द ही राजद के साथ गठबंधन पर अंतिम फैसला ले सकते हैं। अगर नीतीश ने सीएम पद नहीं छोड़ा तो वह विधानसभा भंग करने की सिफारिश कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications