Nitin Nabin: बिहार की 'मिस्ट्री गर्ल' पुष्पम प्रिया से नितिन नबीन का है खास कनेक्शन, क्या है 2020 का वो मामला?
Nitin Nabin BJP President: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने को उनकी संगठनात्मक क्षमता और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में उनके साथ पुष्पम प्रिया चौधरी के कनेक्शन की चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि दोनों ने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में पटना की बांकीपुर सीट से एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
पुष्पम प्रिया चौधरी, जो खुद को मुख्यमंत्री पद की दावेदार बता रही थीं, उस चुनाव में चर्चा का केंद्र थीं, लेकिन नितिन नबीन ने उन्हें और कांग्रेस उम्मीदवार (लव सिन्हा) को भारी अंतर से हराकर लगातार चौथी बार सीट जीती थी।

5वीं बार विधायक चुने गए हैं नबीन
नबीन बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार 5वीं बार विधायक चुने गए हैं। यह सीट उनके लिए सिर्फ एक चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि एक पारिवारिक विरासत है, जिसे पहले उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी संभालते थे। साल 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी। इस प्रचंड जीत ने बिहार की जनता के बीच उनकी गहरी पकड़ को साबित किया। इसी जीत के बाद उन्हें नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
ये भी पढे़ं: Nitin Nabin Caste: किस जाति से हैं नितिन नबीन, जो बने BJP के कार्यकारी अध्यक्ष, फैमिली से राजनीति तक की कहानी
पुष्पम प्रिया को हरा कर जीता था चुनाव
नितिन नबीन की चुनावी ताकत तब राष्ट्रीय सुर्खियों में आई जब 2020 के विधानसभा चुनाव में उनका सीधा मुकाबला 'बिहार की मिस्ट्री गर्ल' के नाम से मशहूर पुष्पम प्रिया चौधरी से हुआ।
पुष्पम प्रिया ने अपनी नई पार्टी के साथ हाई-प्रोफाइल चुनावी पदार्पण किया था। इस चर्चित मुकाबले में नितिन नबीन ने अपनी अभेद्य लोकप्रियता का लोहा मनवाया। उन्होंने 83,068 वोट प्राप्त किए, जबकि पुष्पम प्रिया चौधरी को महज 5,189 वोट ही मिल पाए। यह भारी अंतर (लगभग 77 हजार वोटों का अंतर) स्पष्ट करता है कि बांकीपुर की जनता के बीच नबीन की जड़ें कितनी गहरी हैं।
ये भी पढे़ं: Nitin Nabin Net Worth: BJP के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के नाम हैं 7 बैंक अकाउंट,संपत्ति उड़ा देगी होश
शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को भी किया था पराजित
2020 के विधानसभा चुनाव में, नबीन ने केवल 'मिस्ट्री गर्ल' पुष्पम प्रिया चौधरी को ही नहीं हराया, बल्कि उनका मुकाबला फिल्म अभिनेता और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा से भी था, जो बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के भाई हैं। लव सिन्हा को हराकर और पुष्पम प्रिया को एकतरफा शिकस्त देकर, नितिन नबीन ने यह साबित कर दिया कि बांकीपुर में उनका किला अभेद्य है, जिससे राष्ट्रीय राजनीति में उनका कद और बढ़ गया।
ये भी पढे़ं: Nitin Nabin Wife: 12वीं पास BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष 5 बार के MLA, पत्नी SBI में-कितने बच्चे?
युवा मोर्चा से राष्ट्रीय पटल तक
नबीन का राजनीतिक उत्थान रातों-रात नहीं हुआ है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) में रहते हुए उन्होंने कई बड़े राष्ट्रीय आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। जम्मू-कश्मीर में 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' हो या 1965 के शहीदों के सम्मान में गुवाहाटी से तवांग तक की 'श्रद्धांजलि मार्च', नितिन नबीन हमेशा अगली कतार में खड़े नजर आए। संगठन ने जब भी उन्हें बिहार से बाहर की जिम्मेदारी दी, उन्होंने खुद को साबित किया। सिक्किम और खासकर छत्तीसगढ़ में पार्टी के प्रभारी/सह-प्रभारी के रूप में उनकी रणनीतियों की सराहना हुई, जिसने बीजेपी की चुनावी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।












Click it and Unblock the Notifications