Nawada Agni Kaand: ‘भूमाफियाओं का आतंक या सियासी साज़िश’, नवादा अग्निकांड की क्या है ज़मीनी हक़ीक़त
Nawada Agni Kaand Samachar: बिहार के नवादा ज़िले में हुई वारदात को लेकर सियासी पारा चढ़ चुका है। पक्ष विपक्ष के नेताओं ने घटना को शर्मसार बताया है। इसके साथ ही निष्पक्ष जांच और दोषियों के ख़िलाफ़ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना को लेकर तरह तरह के सवाल भी उठने लगे हैं।
वन इंडिया हिंदी की टीम मामले में ज़मीनी हक़ीकत जानने नवादा के महादलित टोला (कृष्णानगर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र) पहुंची। पीड़ित परिवार, स्थानीय लोग, पक्ष विपक्ष के नेता और ज़िला प्रशासन के पदाधिकारियों से बात कर पूरे मामले की तफ्तीश की।

नवादा अग्निकांड मामले में लोगों ने बताया कि शाम करीब 6.30 बजे का वक्त था। सैकड़ों की तादाद में बदमाश पहुंचे और हाथापाई करने लगे। हाथ में पेट्रोल लेकर आये थे, जो मकान सामने दिखा पेट्रोल छिड़का और आग के हवाले करते चले गए। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने कहा कि हम लोग अपनी जान बचाते या जलते हुए घर को बचाते।
आज़ाद समाज पार्टी कांशीराम के बिहार अध्यक्ष जौहर आज़ाद ने वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए ज़िला प्रशासन और बिहार की एनडीए सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि जब यह घटना हुई तो स्थानीय प्रशासन ने संज्ञान तो लिया लेकिन पीड़ितों की संतोषजनक मदद नहीं की गई।
अग्निकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के नाम पर खानापूर्ति की गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करने की वाहवाही के लिए आनन फानन में गिरफ्तारी कर ली गई। कोई निर्दोष नहीं फंसे और जो दोषियों पर सख़्त से सख्त कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया, उसमें एक 15 साल का बच्चा भी था।
वह बच्चा मुझसे कह रहा था कि इन लोगों ने मुझे मारपीट कर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मैंने ऐसा कोई काम नहीं किया था, जो कानून व्यवस्था के खिलाफ हो। जौहर आज़ाद ने कहा कि इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर जो दोषी हैं, उन्हें सज़ा दी जाए। ना कि बेगूनाहों की बली चढ़ाई जाए।
घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमाफियाओं का आतंक तो है ही, इसके साथ ही सियासी साज़िश भी है। आगामी चुनाव को देखते हुए ऐसा माहौल पैदा किया गया ताकि राजनेता सियासी रोटी सेक सकें। बिहार में भूमि सर्वे से पक्ष विपक्ष के नेताओं का भ्रष्टाचार उजागर हो जाएगा, इसलिए अग्निकांड के ज़रिए इसे बंद करवाने की भूमाफियाओं ने कोशिश की है।












Click it and Unblock the Notifications