Nalanda News: 4 की मौत, ICU में पिता, अकेला बचा बेटा, मिनटों में बिखर गया आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार, जानिए
Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से दबे एक परिवार ने सामूहिक आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें मां और तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पिता जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
यह घटना शेखपुरा जिले के पूरनकामा निवासी धर्मेंद्र कुमार के परिवार के साथ घटी, जो बीते कुछ महीनों से पावापुरी जल मंदिर के पास एक किराए के मकान में रह रहे थे और कपड़े का छोटा कारोबार करते थे। व्यापार में लगातार घाटा और करीब 5 लाख रुपये का कर्ज धर्मेंद्र और उनके परिवार के लिए असहनीय बोझ बन गया था।

बताया जा रहा है कि देर रात धर्मेंद्र (40), उनकी पत्नी सोनी कुमारी (38), बेटियां दीपा (16) और आरिका (14), और बेटा शिवम (15) - सभी ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर सभी को राजगीर के विम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी सुनील कुमार, इंस्पेक्टर मनीष भारद्वाज और पावापुरी ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह व्यवसाय में नुकसान और भारी कर्ज सामने आया है।
इस त्रासदी में धर्मेंद्र का एक छोटा बेटा बच गया, जो उस समय घर में था लेकिन उसने जहरीला पदार्थ नहीं खाया। फिलहाल वह पुलिस की निगरानी में है और उसे काउंसलिंग दी जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार की बर्बादी की कहानी है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि आखिर हम कैसे समाज में जी रहे हैं, जहां आर्थिक तंगी इंसान को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर कर देती है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोकमग्न कर दिया है। यह घटना हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हमारे आसपास कोई ऐसा तो नहीं जो आर्थिक या मानसिक रूप से संघर्ष कर रहा हो? ज़रूरत है कि हम संवेदनशील बनें, सतर्क रहें, और समय रहते किसी की मदद करें, क्योंकि कभी-कभी एक छोटी सी मदद किसी का पूरा संसार बचा सकती है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications