भारी बारिश के चलते मुंगेर-भागलपुर रेल संपर्क टूटा, तीन एक्सप्रेस ट्रेनें बिहार में फंसी
फरक्का एक्सप्रेस और जमालपुर-किउल पैसेंजर अभयपुर स्टेशन पर रोक दी गई तो हावड़ा-गया एक्सप्रेस मसुदन में और भागलपुर-पटना इंटरसिटी दशरथपुर स्टेशन पर रुकी हुई है।
पटना। बिहार में देर शाम से हो रही लगातार बारिश के कारण उत्तरी और पूर्वी बिहार के कई इलाकों का सड़क मार्ग और रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। कजरा रेलवे स्टेशन के साथ-साथ अन्य स्टेशनों पर ट्रैक के ऊपर से पानी बह रहा है तो जमालपुर-किऊल रेलखंड पर रेल परिचालन ठप है। जिसकी वजह से कई एक्सप्रेस ट्रेनें जहां-तहां रोक दी गईं हैं। वहीं इस भारी बारिश के कारण जमुई जिले में पुलिया के बह जाने से मुंगेर-भागलपुर से संपर्क टूट गया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की देर शाम से हो रही लगातार बारिश के चलते स्टेशन और सड़क मार्ग पर पानी जमा हो गया है।

देर रात से इन क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से रेलवे का आवागमन भी पूरी तरह ठप हो गया है। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस रूट में पानी जमा होने से भागलपुर, पटना और हावड़ा की ओर से चलने वाली ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया है। स्टेशन और रेलवे ट्रैक पर पानी जमा होने के चलते फरक्का एक्सप्रेस और जमालपुर-किउल पैसेंजर अभयपुर स्टेशन पर रोक दी गई तो हावड़ा-गया एक्सप्रेस मसुदन में और भागलपुर-पटना इंटरसिटी दशरथपुर स्टेशन पर रुकी हुई है। मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा और श्रमिक पैसेंजर उरैन में और किऊल-जमालपुर डीएमयू धनौरी में फंसी हुई है।

हालांकि रेलवे अधिकारी इस परिचालन को शुरू कराने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं और रेलवे कर्मचारी तकनीकी टीम के साथ कजरा स्टेशन पहुंचे हैं। जहां स्टेशन से उत्तर की ओर पानी निकालने का काम चल रहा है। वहीं रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द रेलवे परिचालन शुरू हो जाएगा तो दूसरी तरफ अचानक एक्सप्रेस ट्रेन को जहां-तहां रोकने को लेकर यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली।












Click it and Unblock the Notifications