Bihar Crime News: बिहार चुनाव के बाद मुकेश सहनी की पार्टी के नेता की दिनदहाड़े हत्या, मोतिहारी में दहशत
Bihar Crime News: मोतिहारी में शुक्रवार (21 नवंबर) सुबह एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी (Mukesh Sahani) की पार्टी के स्थानीय नेता कामेश्वर सहनी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। चुनाव के ठीक बाद हुई यह वारदात राजनीतिक हलकों से लेकर गांव के लोगों तक, सभी के बीच दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ा रही है।
घटना दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोणी गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे की है। 45 वर्षीय कामेश्वर सहनी रोज की तरह शौच के लिए निकले थे। लौटने के बाद वे पड़ोसी के आंगन में लगे चापाकल पर मुंह धो रहे थे। तभी पीछे से आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। तीन गोलियां पीछे से और एक गोली कनपटी में मारी गई। चार गोलियां लगते ही कामेश्वर सहनी की मौके पर मौत हो गई।

हत्या से गुस्से में ग्रामीण
वारदात की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो लोगों ने शव उठाने से रोक दिया। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। कामेश्वर सहनी अपने पीछे तीन छोटे बेटों को छोड़ गए हैं।
आरजेडी ने उठाए सवाल, सरकार पर हमला
पूर्व मंत्री और आरजेडी के पूर्व विधायक डॉ. शमीम अहमद ने इस घटना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे गांव के अंदर घुसकर नेता की हत्या कर आसानी से फरार हो जा रहे हैं। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
संगठन में सक्रिय थे कामेश्वर, कई पदों पर कर चुके थे काम
वीआईपी जिलाध्यक्ष अशोक सहनी ने बताया कि कामेश्वर सहनी रक्सौल जिला संगठन के प्रभारी थे। इससे पहले वे छोड़ादानो के प्रखंड अध्यक्ष भी रह चुके थे। संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें जिले में अहम जिम्मेदारी दी गई थी।
पुलिस ने बनाई विशेष टीम, FSL और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे
दरपा थानाध्यक्ष अनीश कुमार के अनुसार पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मौके से मिले सबूतों की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है और डॉग स्क्वायड भी लगाया गया है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों को जल्द ही पहचानकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोतिहारी की इस वारदात ने एक बार फिर चुनाव बाद बढ़ते अपराध को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का गुस्सा और राजनीतिक प्रतिक्रिया यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में यह मामला और बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications