Bihar Weather News: मॉनसून अब भी सक्रिय,दक्षिण और उत्तर-पूर्व जिलों में भारी बारिश का अलर्ट,वज्रपात की चेतावनी
Bihar Weather News: बिहार में मौसम का मिजाज सुर्खियों में बना हुआ है। सितंबर का आख़िरी हफ़्ता चल रहा है, देश के कई राज्यों से मॉनसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन बिहार में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मौसम विभाग ने राज्य के लिए फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइए विस्तार से जानते हैं।
मॉनसून की मौजूदा स्थिति
देश के अधिकांश हिस्सों-जैसे गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर,में मॉनसून लौट चुका है। लेकिन बिहार में मॉनसून अभी भी सक्रिय है। खासकर दक्षिण बिहार में अगले 24 घंटे मॉनसून की रफ्तार तेज़ रहने की संभावना है।

दक्षिण बिहार में बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार गया, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिलों में आज यानी बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में मेघ गर्जन और बिजली चमकने के साथ वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। जहानाबाद, नालंदा, पटना, अरवल, भोजपुर, नवादा, भागलपुर और खगड़िया में मध्यम से लेकर तेज़ बारिश हो सकती है। पटना में बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
उत्तर-पूर्व बिहार की स्थिति
सिर्फ दक्षिण बिहार ही नहीं, उत्तर-पूर्व के सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में भी झमाझम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां भी बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
उत्तर बिहार में मौसम का मिज़ाज
उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। यहां धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे का रिकॉर्ड
मंगलवार को दोपहर 12 बजे के बाद पटना, वैशाली, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर और भोजपुर में अच्छी बारिश हुई।
सुपौल में सबसे ज़्यादा 68 मिमी बारिश दर्ज की गई। किशनगंज में 55.4 मिमी, नवादा में 45.6 मिमी, मधुबनी में 30.4 मिमी, नालंदा में 28.4 मिमी, पूर्णिया में 26.5 मिमी, समस्तीपुर में 22.2 मिमी, कटिहार में 21.8 मिमी, बांका में 18.2 मिमी, लखीसराय में 16.2 मिमी और बेगूसराय में 15.2 मिमी बारिश हुई।
राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि वाल्मीकिनगर सबसे गर्म रहा जहां पारा 36.02 डिग्री तक पहुंचा। सबसे कम तापमान बांका में 31.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।












Click it and Unblock the Notifications