Rail Network in Bihar: रेल नेटवर्क को और मजबूत करने की योजना, पटना-भागलपुर में रिंग नेटवर्क का होगा निर्माण
Rail Network in Bihar: बिहार में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने के लिए सरकार ने खास योजना तैयार कर ली है। राज्य के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इस योजना का डिटेल जानकारी देते हुए बताया कि पटना और भागलपुर में रेल रिंग नेटवर्क बनाए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही नए टर्मिनल और नई रेल लाइनों का निर्माण भी किया जाएगा।
पटना और भागलपुर में रिंग नेटवर्क की योजना
जानकारी के मुताबिक, पटना में फतुहा, हाजीपुर, सोनपुर और दानापुर से होते हुए फतुहा तक रिंग नेटवर्क बनाया जाएगा। वहीं, भागलपुर में कहलगांव, नौवगछिया, खगड़िया, मुंगेर, बरौनी और सुल्तानगंज से होकर भागलपुर तक रेल रिंग नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इस योजना से शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

नई रेल लाइनों और टर्मिनलों की मंजूरी
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के अनुसार, पटना जंक्शन पर नया टर्मिनल, फतुहा में मेगा कोचिंग टर्मिनल, और झाझा-डी.डी.यू. के बीच तीसरी व चौथी रेल लाइन बनाई जाएगी। इसके साथ ही बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड के लिए डबल लाइन को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, सुल्तानगंज-कटोरिया नई रेल लाइन का निर्माण भी पहले ही स्वीकृत हो चुका है।
नवादा और नालंदा को नई गति
हाल ही में, तीन नई अमृत भारत ट्रेनें और चार पैसेंजर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई। इस अवसर पर सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि नवादा-पावापुरी नई रेललाइन के निर्माण के लिए 492.14 करोड़ रुपये की लागत से 25.10 किलोमीटर लंबी लाइन को मंजूरी दी गई है।
इस नई रेल लाइन से नवादा और नालंदा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पारसनाथ-पावापुरी के बीच कनेक्टिविटी आसान होगी। इसके साथ ही जैन सर्किट में धार्मिक पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी।
राजगीर और बिहार शरीफ के बीच बेहतर कनेक्टिविटी
नई योजनाओं के तहत राजगीर और बिहार शरीफ के बीच भी रेल कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी, जिससे बिहार के विभिन्न जिलों में यात्रियों और पर्यटन को नई गति मिलेगी। बिहार में यह रेल योजनाएं राज्य की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों के लिए सुगम और आधुनिक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications