Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Bihar Band: EC के वोटर वेरिफिकेशन अभियान के खिलाफ विपक्ष का 'चक्का-जाम', सड़कों पर उतरी पार्टियां

Bihar Band: बिहार की सियासत में आज एक बार फिर बड़ा मोड़ आया है। राजधानी पटना की सड़कों पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और RJD नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन का जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा शुरू किए गए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ आज बिहार बंद का ऐलान किया गया है।

इस आंदोलन को महज एक विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई बताया जा रहा है। चक्का जाम के चलते पटना की रफ्तार थम गई है, लोग जाम में फंसे हैं और सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज 9 जुलाई को पटना पहुंचे हैं। वे बिहार में मतदाता सूची में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में महागठबंधन द्वारा बुलाए गए 'चक्का जाम' आंदोलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे राजधानी पटना की सड़कों पर विरोध मार्च की अगुवाई करेंगे।

Bihar Band

तेजस्वी यादव के साथ रणनीति पर चर्चा

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी पटना प्रवास के दौरान व्यवसायी गोपाल खेमका के परिवार से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा, उनकी बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर भी अहम बातचीत हो सकती है।

नेताओं का विरोध मार्च, सीईओ कार्यालय का घेराव

कांग्रेस, राजद और वाम दलों समेत महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता आयकर गोलंबर से विरोध मार्च निकालेंगे और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय का घेराव करेंगे। INDIA गठबंधन ने मतदाता सूची में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण को तत्काल रोकने की मांग की है।

सड़क पर लेट गए कांग्रेस कार्यकर्ता

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले वोटर लिस्ट में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में महागठबंधन ने 'बिहार बंद' बुलाया है। इस बंद के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर ट्रैफिक रोक दिया। कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने लाइन बनाकर सड़कों पर लेटकर रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप

महागठबंधन का आरोप है कि चुनाव आयोग की ओर से वोटर लिस्ट में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि खास वर्ग के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं रहेगा।

'गाड़ी भी कुचल दे तो नहीं उठेंगे'

सड़क पर लेटे एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा, "पूरा बिहार आज बंद है। महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और हम चुनाव आयोग की धांधली के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। अगर हमें कोई गाड़ी भी कुचल दे, तब भी हम उठेंगे नहीं।"

बंद का दिखा असर

'बिहार बंद' का असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिला। कई जिलों में बाजार बंद रहे, सड़कों पर वाहन कम दिखे और जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस भी हुई, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही।

राहुल गांधी की बिहार में लगातार सक्रियता

यह राहुल गांधी का पिछले पांच महीनों में सातवां बिहार दौरा है। इससे पहले वे जातीय जनगणना, छात्र आंदोलनों और महागठबंधन की कई रणनीतिक बैठकों में शामिल हो चुके हैं। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग की यह पुनरीक्षण प्रक्रिया एकतरफा और पक्षपातपूर्ण है, जिसे वह 'वोटबंदी की साजिश' करार दे रही है।

ट्रैफिक पर असर, महात्मा गांधी सेतु बंद

चक्का जाम के चलते राजधानी पटना के कई मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया है। महात्मा गांधी सेतु को बंद कर दिया गया है, जिससे लंबी दूरी की यात्राओं पर निकले लोगों को भारी परेशानी हो रही है। ट्रेन और फ्लाइट पकड़ने वाले यात्री कई किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर हैं।

देशव्यापी विरोध का हिस्सा बना बिहार बंद

आज जहां एक ओर देशभर में केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने भारत बंद बुलाया है, वहीं बिहार में महागठबंधन के चक्का जाम आंदोलन ने विरोध को और व्यापक बना दिया है। नेशनल हाइवे 30 जैसे प्रमुख मार्गों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया जा रहा है और सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई है।

'लोकतंत्र बचाने की लड़ाई'

कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ एक राज्य के मतदाता सूची तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र को बचाने की बड़ी लड़ाई का हिस्सा है। पार्टी का आरोप है कि गरीब, प्रवासी और वंचित तबकों के नाम जानबूझकर सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे उनका मतदान अधिकार छीना जा सके।
ये भी पढ़ें: Opinion Poll: बिहार में किस पार्टी की बन रही सरकार? CM की रेस में कौन सा दिग्गज आगे? हैरान करने वाले नतीजे

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+