मधुबनीः मौसेरे भाई से प्रेम के चक्कर में महिला ने अपनी मां और प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के भैरवस्थान थाना के मेंहथ गांव में पत्नी ने प्रेमी के चक्कर में अपनी मां और अन्य लोगों के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी। दरअसल, झंझारपुर अनुमंडल में बीते बुधवार को सड़क किनारे युवक की लाश मिली थी। इसी मामले को लेकर पुलिस ने छानबीन शुरू की और मामले का खुलासा कर दिया। झंझारपुर एसडीपीओ आशीष आनंद के मुताबिक मृतक की पत्नी जो कि तीन बच्चों की मां भी है उसने ही इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाया है। मृतक युवक की पहचान पंडौल थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव के रहने वाले मोहम्मद माशूक के रूप में हुई थी।

पुलिस की जांच में पता चला है कि मोहम्मद माशूक की पत्नी नसीमा खातून का अपने मौसेरे भाई मोहम्मद सोनू के साथ पिछले तीन साल से प्रेम संबंध चल रहा था और इसी कारण से उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके तीन दोस्तों की मदद से पति की हत्या करवा दी। झंझारपुर के एसडीपीओ आशीष आनंद ने बताया कि मोहम्मद माशूक की हत्या की साजिश में मृतक की सास भी शामिल थी।
वहीं इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला मोहम्मद सोनू उर्फ निजामुद्दीन भैरवस्थान थाना के रैयाम गांव का रहने वाला है। आरोपित की उम्र महज 18 साल है। पुलिस के मुताबिक नसीमा खातून के कहने पर मोहम्मद सोनू ने भगवतीपुर मोइनटोल निवासी मोहम्मद इकराम उल उर्फ छोटू, मोहम्मद बरकत उर्फ हीरो और मोहम्मद उजैर नाम के तीन दोस्तों के साथ मिलकर मोहम्मद माशूक को सुनियोजित तरीके से पहले शराब पिलाई और फिर उसे बाइक पर बैठाकर मेंहथ पुल के पास लाए। उसके बाद धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications