जमुई रैली के साथ PM मोदी ने बिहार में की NDA के चुनाव कैंपेन की शुरुआत, लालू परिवार पर साधा निशाना
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पीएम मोदी आज बिहार पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के जमुई में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव पर निशाना साधा। लैंड फॉर जॉब मामले को लेकर बोलते हुए पीएम ने कहा कि जो लोग नौकरी के नाम पर जमीन लिखवा लें वो क्या बिहार का भला करेंगे।
अपने भाषण के दौरान दिवंगत रामविलास पासवान को याद करते हुए पीएम ने रामविलास के बेटे चिराग को अपना छोटा भाई बताया। लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद यह पीएम की बिहार में पहली जनसभा है। पीएम मोदी ने गुरुवार को बिहार में बीजेपी और एनडीए के चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने परिवारवाद और जंगलराज जैसे मुद्दों पर आरजेडी और कांग्रेस को घेरा।
यह भी देखें: Bihar Congress: बिहार में सीट बंटवारा काँग्रेस के लिए क्यों बना अपमान का सौदा

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मुझे संतोष है कि रामविलास जी के विचार को मेरा छोटा भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं.... बिहार की धरती पूरे देश को दिशा दिखाने वाली रही है...लेकिन दुर्भाग्य से बिहार के सामर्थ्य के साथ आजादी के बाद 5-6 पीढ़ियों के साथ यहां न्याय नहीं हो पाया..."
#WATCH मुझे संतोष है कि रामविलास जी के विचार को मेरा छोटा भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं.... बिहार की धरती पूरे देश को दिशा दिखाने वाली रही है...लेकिन दुर्भाग्य से बिहार के सामर्थ्य के साथ आज़ादी के बाद 5-6 पीढ़ियों के साथ यहां न्याय नहीं हो पाया...: जमुई… pic.twitter.com/U5Hoghsm3k
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 4, 2024
बता दें, जमुई लोकसभा सीट से लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती एनडीए के उम्मीदवार हैं। पीएम उनके पक्ष में प्रचार करने जमुई पहुंचे हैं।
यह भी देखें: Lok Sabha Chunav 2024: कैसे यूपी, बिहार में ज्यादा के चक्कर में नप गईं छोटी पार्टियां?
पीएम मोदी की जमुई रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान समेत एनडीए के सभी बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे। पीएम दिल्ली से देवघर होते हुए जमुई पहुंचे थे। हेलिकॉप्टर के जरिए वो देवघर एयरपोर्ट से जमुई तक आए। जमुई में चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी वापस देवघर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
बता दें, बिहार में 40 लोकसभा सीटें हैं जो बिहार को देश के टॉप 4 लोकसभा सीटों वाला राज्य बनाती है। बीजेपी और जेडीयू एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव मैदान में है।
बिहार में बीजेपी 40 में से 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि जेडीयू को 16 सीटें मिली हैं। पहले चरण में नवादा, जमुई, औरंगाबाद और गया में 19 अप्रैल को मतदान होना है। इनमें से दो सीटों नवादा और औरंगाबाद पर बीजेपी, जबकि जमुई से लोजपा और गया से जीतन राम मांझी की 'हम' चुनाव लड़ रही है।
यह भी देखें: लोकसभा चुनाव: कैसे यूपी, बिहार से महाराष्ट्र तक कांग्रेस को सीटों पर करना पड़ा सरेंडर?












Click it and Unblock the Notifications