Katihar Lok Sabha सीट पर पहली बार कांग्रेस का खुला था खाता, जीत की हैट्रिक लगा चुकी है भाजपा
Katihar Lok Sabha: लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ चुका है। बिहार की 40 लोकसभा सीटों को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज़ हो चुकी है। इसी क्रम में आज हम आपको कटिहार लोकसभा सीट का सियासी इतिहास और समीकरण बताने जा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा और जदयू ने साथ मिलकर चुनावी बिगुल फूंका था और 40 में से 39 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार सियासी फ़िज़ा पूरी तरह से बदली हुई है। नीतीश कुमार भाजपा के ख़िलाफ़ तीर चला रहे हैं। इसके साथ ही विपक्षी एकता को मज़बूत करने में अहम किरदार निभा रहे हैं।

2019 के लोकसभा चुनाव में NDA समर्थित प्रत्याशी दुलार चंद गोस्वामी (जदयू) ने जीत दर्ज किया था। 5 लाख 59 हज़ार 423 मत हासलि कर उन्होंने कांग्रेस के तारिक अनवर को चुनावी मात दी थी। आपको बता दें कि इससे पहले यहां से भाजपा के निखिल चौधरी, कांग्रेस के तारिक अनवर को टक्कर देते रहे हैं।
कटिहार लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता तारिक अनवर 4 बार सांसद चुने जा चुके हैं। वहीं भाजपा के निखिल चौधरी लगातार 3 बार पार्टी को जीत दिला चुके हैं। पहले कटिहार पूर्णिया ज़िले के अंतर्गत था। कटिहार लोकसभा सीट में 6 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
कटिहार लोकसभा सीट में कटिहार, बलरामपुर, मनिहारी, कदवा, प्राणपुर और बरारी विधानसभा सीट आती है। इनमे से भाजपा के क़ब्ज़े में 2, कांग्रेस के क़ब्ज़े में 2, जदयू के पास 1 और भाकपा (माले) के क़ब्ज़े में एक सीट है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 2019 में कटिहार लोकसभा क्षेत्र के वोटरों की तादाद 16 लाख 45 हज़ार 713 थी। इनमें से पुरुष मतदाताओं की तादाद 8 लाख 71 हज़ार 731 और महिला मतदाताओं की तादाद 7 लाख 97 हज़ार थीं।
कटिहार लोकसभा सीट पर 1957 में पहली बार कांग्रेस प्रत्याशी अवधेश कुमार सिंह ने जीत दर्ज की थी। 1958 में हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस के बी. विश्वास ने जीत दर्ज की। 1980 में पहली बार कांग्रेस की टिकट पर तारिक अनवर ने जीत दर्ज की थी। जनता दल के प्रत्याशी ने 1989 और 1991 उन्हें सियासी मात दी। 1996 में फिर से तारिक अनवर ने जीत दर्ज की और 1998 में अपना परचम बुलंद किया।
तारिक अनवर ने 25 मई 1999 को कांग्रेस का दामन छोड़ NCP में शामिल हो गए। 1999 में पहली बार भाजपा का कमल खिला। निखिल चौधरी ने लगातार 3 बार तारिक अनवर को सियासी मात दी। हालांकि 2014 की मोदी लहर के बावजूद NCP टिकट पर तारिक अनवर ने जीत दर्ज की। 28 सितंबर 2018 को तारिक अनवर ने इस्तीफ़ा दे दिया। NCP और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर 19 साल बाद कांग्रेस में घर वापसी कर ली।
कटिहार लोकसभा सीट से जीते हुए सांसदों की सूची
- 1957: अवधेश कुमार सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1958: भोला नाथ विश्वास, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1962: प्रिया गुप्ता, प्रजा सोशलिस्ट पार्टी
- 1967: सीताराम केसरी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1977: युवराज, जनता पार्टी
- 1980: तारिक अनवर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1984: तारिक अनवर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1989: युवराज, जनता दल
- 1991: मोहम्मद यूनुस सलीम, जनता दल
- 1996: तारिक अनवर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1998: तारिक अनवर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1999: निखिल कुमार चौधरी, भारतीय जनता पार्टी
- 2004: निखिल कुमार चौधरी, भारतीय जनता पार्टी
- 2009: निखिल कुमार चौधरी, भारतीय जनता पार्टी
- 2014: तारिक अनवर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी
- 2019: दुलाल चंद्र गोस्वामी, जनता दल (यूनाइटेड)












Click it and Unblock the Notifications