Junior Doctors Strike: बिहार में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, सरकार की अनदेखी से बढ़ सकता है स्वास्थ संकट
Junior Doctors Strike in Bihar: बिहार के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों के जूनियर डॉक्टर बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। आपातकालीन सेवाओं को छोड़ वे सभी गैर-आपात सेवाओं का बहिष्कार करेंगे। मंगलवार को उन्होंने काला पट्टी बांध कर प्रशासन को चेताया, पर स्वास्थ्य विभाग ने अब तक ठोस कदम नहीं उठाया।
यह स्थिति न केवल राज्य की पहले से जटिल स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि सरकार और डॉक्टरों दोनों की संवेदनशीलता की भी परीक्षा है। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) की मांगों पर नज़र डालें तो वे न तो अनुचित हैं, न ही अव्यावहारिक। डॉक्टर चाहते हैं कि बॉन्ड पोस्टिंग अवधि को केवल एक वर्ष किया जाए और अनुपालन न करने पर 10 लाख का मुआवजा दंड तय हो।

वे यह भी चाहते हैं कि इस सेवा को सीनियर रेजिडेंसी का अनुभव माना जाए और मौजूदा कार्यभार को देखते हुए वेतन में यथोचित वृद्धि हो। इसके साथ परिणाम घोषित होने और पोस्टिंग शुरू होने के बीच की अवधि को भी बॉन्ड की अवधि में शामिल करने तथा इस्तीफा देने पर पूर्ववर्ती वेतन की वसूली न करने जैसी मांगें भी उनके पक्ष को मजबूत बनाती हैं।
दरअसल, चिकित्सा शिक्षा पूरी करने के बाद डॉक्टरों से ग्रामीण या सरकारी सेवा का बॉन्ड भरवाना एक पुरानी नीति है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिल सके। लेकिन बदलते समय में, बढ़ते कार्यभार और निजी संस्थानों के आकर्षक प्रस्तावों के बीच यह बॉन्ड नीति तभी टिकाऊ है जब यह व्यावहारिक हो।
लंबी अनिवार्य सेवा अवधि, अनिश्चित वेतनमान और सीनियर रेजिडेंसी का दर्जा न मिलने जैसी स्थितियां युवा डॉक्टरों में हतोत्साह पैदा करती हैं। यह भी सच है कि हड़ताल से आम जनता को सबसे अधिक नुकसान होगा। बिहार जैसे राज्य में जहां ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं पहले से कमजोर हैं, वहां जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल मरीजों के लिए संकट का कारण बनेगी।
आपातकालीन सेवाओं को जारी रखने का जेडीए का फैसला सराहनीय है, लेकिन नियमित उपचार, ऑपरेशन और ओपीडी बंद होने से हजारों लोग प्रभावित होंगे। इसलिए सरकार और डॉक्टर-दोनों पक्षों को संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ना होगा। सरकार को चाहिए कि वह डॉक्टरों की मांगों पर तत्काल संवाद शुरू करे और समयबद्ध समाधान का आश्वासन दे।
यह केवल वेतन या अवधि का सवाल नहीं है, बल्कि राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी का विषय है। डॉक्टरों को भी ध्यान रखना होगा कि जनता की पीड़ा लंबी हड़ताल से और न बढ़े। बिहार सरकार के लिए यह अवसर है कि वह डॉक्टरों के साथ भरोसे और सम्मान पर आधारित नीति बनाए।
स्वास्थ्य सेवा को राजनीतिक निर्णयों की भेंट चढ़ने से बचाना और प्रशिक्षित चिकित्सकों का मनोबल बढ़ाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। अगर सरकार समय रहते ठोस और व्यावहारिक समाधान पेश करती है, तो न केवल यह संकट टल सकता है बल्कि आने वाले वर्षों के लिए स्वास्थ्य तंत्र में भरोसे की नई नींव रखी जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications