नीतीश को कल से कोस रहे हैं शरद, आज कह दिया अंजाम भुगतना पड़ेगा
बक्सर की जनता के बीच पहुंचे शरद यादव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को बर्बरतापूर्ण बताया और केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
पटना। बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने के बाद बागी हुए जदयू के वरिष्ठ नेता शरद यादव कल से ही अपने दूसरे चरण की यात्रा में बिहार पहुंचे हुए हैं और यहां की जनता के बीचों-बीच जाकर नीतीश कुमार के खिलाफ हुंकार भरते हुए लोगों की अंतरात्मा टटोल रहे हैं। इसी दौरान वो आज दूसरे दिन के दौरे पर अपने समर्थकों के साथ बक्सर पहुंचे जहां उन्होंने सीना ठोककर नीतीश कुमार के खिलाफ हुंकार भरते हुए कहा कि नीतीश कुमार की अंतरात्मा ने जाने क्या आवाज दी है लेकिन जो कुछ भी हो उन्हें अंजाम भुगतना पड़ेगा। शरद यादव ने कहा कि नीतीश ने बिहार की जनता को धोखा देने का काम किया है।

'अंजाम भुगतना पड़ेगा'
शरद यादव का कहना है कि बिहार की जनता ने महागठबंधन को वोट देकर जिताया था लेकिन नीतीश ने दिनदहाड़े इसका गला घोंटकर NDA गठबंधन से दोबारा हाथ मिला लिया। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि साल 2019 के आम चुनाव में पूर्व धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने के लिए केंद्र की राज्य सरकार के खिलाफ लोगों की प्रतिक्रिया जानने के लिए आज हम आप लोगों के बीच पहुंचे हैं। जहां आपसे नीतीश कुमार की अंतरात्मा की आवाज और बिहार में मिले जनाधार की हकीकत जानना है। बक्सर की जनता के बीच पहुंचे शरद यादव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को बर्बरतापूर्ण बताया और केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा उचित मांग की जा रही थी लेकिन लाठी की चोट से उन्हें दबा दिया गया। ये अब दबने वाला नहीं है। आने वाले चुनाव में जनता उनसे इस लाठी का बदला जरूर लेगी।

BHU मामले पर भी भड़के शरद यादव
केंद्र सरकार की गलत नीतियों के साथ-साथ देश का वर्तमान महौल पर लोगों को अपनी बात रखते हुए शरद यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव में किए गए वादों को पूरा नहीं किया और मांग किए जाने पर लाठी से उन्हें चुप करवा रहे हैं। BHU देश का सबसे पुराना शिक्षण संस्थान है। जहां स्वतंत्रता के 70 साल जाने के बाद ऐसी घिनौनी घटना आज तक कभी नहीं घटी थी। तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ हुंकार भरते हुए उन्होंने जनादेश के अपमान को परिभाषित किया और कहा की सुशासन के नेताओं द्वारा किए गए वादे के मुताबिक अब तक युवाओं के लिए 6 करोड़ नौकरियों की व्यवस्था की जानी थी। केंद्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के प्रभाव के कारण 3 करोड़ लोगों को नौकरियों से हाथ धोना पड़ा है।
Recommended Video


शरद गुट ने की नीतीश खेमे में सेंधमारी की कोशिश...
वहीं जेडीयू के बागी नेता शरद यादव ने अब खुलकर नीतीश कुमार पर हमला बोलने का काम किया है। नीतीश कुनबे में सेंधमारी की तैयारी भी की जा रही है। इसी तैयारी के बीच आज शरद यादव खेमे के नेता अर्जुन राय ने ये कहकर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री विजेंद्र यादव होंगे क्योंकि वो हम लोगों के साथ हैं और आने वाले दिनों में हम उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपेंगे, उन्हें मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट किया जाएगा। विजेंद्र यादव ही ऐसे नेता हैं जिन्होंने राज्य कार्यकारिणी की बैठक में महागठबंधन तोड़ने को लेकर मुखालफत की थी। वहीं बिजेंद्र यादव ने अर्जुन राय के इस बयान को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार हमारे सर्वमान्य नेता हैं। नीतीश कुमार में हमारा भरोसा है, साथ ही ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि अर्जुन राय जिस धारा के साथ हैं, उसकी कोई दशा-दिशा नहीं है। उल्लेखनीय है कि कल से शरद यादव जेडीयू के कई वरिष्ठ पूर्व नेता अली अनवर, रमई राम और अर्जुन राय और सैकड़ों कार्यकर्ता के साथ-साथ बिहार में घूम-घूमकर नीतीश कुमार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications