Bihar Politics: ‘लालू जी को 13 करोड़ बिहारियों की नहीं, बल्कि...’, Prashant Kishor के बयान से चढ़ा सियासी पारा
Prashant Kishor Taunt On RJD Bihar Politics: बिहार में आगामी चुनाव के मद्देनज़र सियासी पारा चढ़ चुका है। पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। वहीं जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) भी लगातार पार्टी की सियासी ज़मीन मज़बूत करने में जुटे हुए हैं। बिहार में रही NDA और महागठबंधन की सरकार के खिलाफ ज़ुबानी हमला बोल रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने बिहार के राजनीतिक परिदृश्य पर अपनी तीखी टिप्पणियों से खलबली मचा दी है। लालू यादव द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि लालू जी को 13 करोड़ बिहारियों की नहीं, बल्कि सिर्फ अपने बच्चों की चिंता है।

PK ने आरोप लगाया कि लालू यादव बिहार में सिर्फ तेजस्वी को ही देखते हैं और उन्हें राज्य की व्यापक जनता की परवाह नहीं है। इसके अतिरिक्त, प्रशांत किशोर ने कन्हैया कुमार की पलायन रोको यात्रा पर भी निशाना साधा और कहा कि जन सुराज के दबाव के कारण ही कांग्रेस को ऐसी यात्रा निकालनी पड़ रही है।
प्रशांत किशोर ने कन्हैया कुमार से सवाल किया कि उनकी पार्टी के तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी बिहारियों के DNA को मजदूरी करने वाला बताते हैं, तो वे बिहार में पलायन की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने राहुल गांधी से भी रेवंत रेड्डी के बयान पर स्पष्टीकरण मांगने की बात कही।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डोमिसाइल नीति पर भी PK ने जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनने का भूत सवार है, जिसके चलते उन्होंने बिहार के युवाओं का भविष्य दूसरे राज्यों के हाथों में बेच दिया।
PK ने कहा कि अपनी छवि चमकाने के लिए नीतीश कुमार ने बिहार के बच्चों की नौकरियों की कुर्बानी दे दी। उन्होंने तेजस्वी यादव और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि महागठबंधन सरकार में रहते हुए उन्हें बिहार के युवाओं की चिंता नहीं थी। PK ने बिहार की नौकरियों में 75% सीटें बिहार के बच्चों के लिए आरक्षित करने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications