बिहार: विदेश में करने जा रहे हैं नौकरी तो हो जाएं सावधान, आपको भी ठग बना सकता है शिकार
पलंबर,चालक, टेक्नीशियन और अन्य पदों पर इराक में नौकरी दिलाने का झांसा देते हुए बिहार और यूपी के युवकों को जालसाज़ों ने शिकार बनाया है।
पटना, 25 अगस्त 2022। देश में बढ़ती बेरोज़गारी की वजह से रोज़गार की तलाश में युवक विदेश का रुख कर रहे हैं। विदेश जाने के लिए कंसल्टेंसी या फिर दलालों का सहारा भी ले रहे हैं। इसी का फ़ायदा उठाते हुए जालसाज़ लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला बिहार की राजधानी पटना से सामने आया है, जहां विदेश भेजने के नाम पर 32 लोगों को ठगों ने अपना शिकार बनाया है। मिली जानकारी के मुताबिक 32 लोगों से 80-80 हज़ार रुपये लेकर क़रीब 25 लाख की ठगी हुई है।

विदेशों में नौकरी के नाम पर ठगी
पलंबर,चालक, टेक्नीशियन और अन्य पदों पर इराक में नौकरी दिलाने का झांसा देते हुए बिहार और यूपी के युवकों को जालसाज़ों ने शिकार बनाया है। मुमताज (दिलदारनगर, यूपी ), मिथिलेश पांडेय (गोपालगंज, बिहार) परवेज अख्तर (सासाराम, बिहार) ने ठगी मामले में पटना के गांधी मैदान में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पीड़ितों की मानें तो दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 23 अगस्त की सुबह जब विमान पकड़ने गए तो उन्हें ठगी की जानकारी हुई। एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि जिस कंपनी में नौकरी करने वह लोग जा रहे थे, जालसाज़ों ने वह दस्तावेज़ ही नहीं दिया था।

वर्क वीजा के बजाए दिया विजिट वीजा
पीड़ितों के दस्तावेज़ों की जब दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच की गई तो पता चला कि विजिट वीजा सिर्फ 30 दिनों का ही है। कंपनी का कागज नहीं होने की वजह से तीनों दिल्ली में एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। दिल्ली से जब वह लोग वापस पटना पहुंचे तो उस दफ़्तर में गए जहां से उन्हें नौकरी के लिए विदेश भेजा रहा था तो पाया कि दफ्तपर बंद है। भट्टाचार्य मोड़ (एग्जीबिशन रोड) एशिया ओवरसीज़ नाम से दफ़्तर वालों ने ही युवकों को ठगी का शिकार बनाया। दफ़्तर बंद मिलने पर जब उन्होंने दफ्तर संचालक रवि प्रकाश और अन्य स्टाफ को कॉल किया तो सभी का नंबर मिला।

गांधी मैदान थाने में दर्ज हुआ मामला
ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ितों ने गांधी मैदान थाने में रवि प्रकाश और उनके अन्य स्टाफ के नाम पर केस दर्ज कराया है। पीड़ितों ने बताया कि उन्हे वर्क वीजा की बजाय विजिट वीजा और एयर टिकट थमा दिया गया था। पटना के भट्टाचार्य मोड़ (एग्जीबिशन रोड) एशिया ओवरसीज़ वालों ने उनके साथ ठगी की है। वहीं थानेदार अरुण कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ठगों को जल्द ही हिरासत में लेकर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

विदेश जाने से पहले करें दस्तावेज़ों की जांच
विदेशों में नौकरी पर जाने से पहले आप लोग दस्तावेज़ों की जांच अच्छी तरह से करवा लें। विदेश पहुंच जाने के बाद अगर आपका वीजा अवधि समाप्त हो जाती है और आप तय समय पर पर अपने वतन नहीं पहुंचते हैं तो आपके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। जब भी विदेशों में काम करने जाए उससे पहले वीजा प्रकार औऱ अवधि का जांच ज़रूर करवाएं। जालसाज़ों के झांसे में नहीं आए पूरी तरह दस्तावेज़ों की जांच कराने के बाद ही किसी प्रकार के रुपयों की लेन देन करें। अपने आस-पास के लोगों को भी जागरुक करें।
ये भी पढ़ें: बिहार: 'गैरेज में हथियार की फैक्ट्री' 21 वर्षीय युवक बनाता था एक से बढ़कर एक हथियार












Click it and Unblock the Notifications