बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, सबसे खास नेता ने थामा BJP का दामन
Former IPS Anand Mishra Joins BJP: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को मंगलवार (19 अगस्त) को बड़ा राजनीतिक सफलता हाथ लगी। जनसुराज युवा मोर्चा के अध्यक्ष और प्रशांत किशोक के करीबी माने जाने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने बीजेपी का दामन थाम लिया। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा और सुचित्रा सिन्हा ने भी पार्टी का सदस्यता ग्रहण कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया।
इस अवसर पर पटना में आयोजित मिलन समारोह कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी उपस्थित रहे और नए सदस्यों को पार्टी में शामिल होने की औपचारिकताएं पूरी करवाई। राजनीतिक विश्लेषक इसे चुनावी तैयारी में भाजपा की मजबूती के तौर पर देख रहे हैं।

PM मोदी के विज़न से प्रेरित होकर BJP में हुआ शामिल- आनंद मिश्रा
बीजेपी में शामिल होने के बाद आनंद मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के विज़न से प्रेरित होकर, आज मैं भारतीय जनता पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता बनकर एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहा हूँ।
भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में अपने लंबे करियर के दौरान, मैंने हमेशा राष्ट्र और समाज की सेवा को सर्वोपरि रखा और एक अपराध-मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में पूरी निष्ठा के साथ योगदान दिया। इस यात्रा ने मुझे आम जनता से सीधे जुड़ने, उनकी आकांक्षाओं को समझने और उनके संघर्षों को करीब से देखने का अवसर भी दिया।अब मेरा दृढ़ विश्वास है कि राजनीति के इस नए मार्ग पर चलते हुए, मैं सार्वजनिक मुद्दों के समाधान और समाज के समग्र विकास में और अधिक सार्थक योगदान दे पाऊँगा।
ये भी पढ़ें Bihar Chunav: हो गया खुलासा तेज प्रताप यादव किस पार्टी से लड़ेंगे चुनाव? नए दल को दी चुनाव आयोग ने मान्यता
कौन हैं आनंद मिश्रा?
बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले आनंद मिश्रा 2011 बैच के असम कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने महज 22 साल की उम्र में यूपीएससी सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास कर अपनी काबिलियत साबित की थी। उनकी पहचान असम के तेज-तर्रार और दक्ष पुलिस अफसरों में होती थी।
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आनंद मिश्रा ने आईपीएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखने का ऐलान किया। वह बीजेपी की टिकट पर बक्सर से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय रूप से चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया। नौकरी छोड़ने का यह फैसला लेने में उन्हें सात साल का समय लगा। इससे पहले आनंद मिश्रा प्रशांत किशोर की टीम के सदस्य रहे हैं, लेकिन मई में पीके से उनके संबंध खराब होने के बाद उन्होंने जन सुराज टीम छोड़ दी थी।
कई और हस्तियों ने दामा बीजेपी का दामन
पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा और उनकी पत्नी बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रहे सुचित्रा सिन्हा ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। इसके अलावा भूमिहार समाज के नाम पर संगठन चलाने वाले आशुतोष कुमार ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है।
Bhumihar Brahmin Ekta Manch के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशुतोष कुमार ने बीजेपी जॉइन करने के बाद कहा कि, 'बिहार का विकास, देश की प्रगति और समाज का उत्थान केवल उसी पार्टी के साथ संभव है जो सभी जातियों, धर्मों और समुदायों को साथ लेकर चलती है। परिवारवादी राजनीति वाली पार्टी यह कभी हासिल नहीं कर सकती। राष्ट्रवादी, सनातनी और समाजवादी विचारधारा रखने वालों के लिए बीजेपी सबसे बेहतर विकल्प है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम जैसे युवा ऐसी पार्टी का समर्थन करें और एक बेहतर बिहार का निर्माण करें।'












Click it and Unblock the Notifications