Bihar Chunav: तेजस्वी यादव को अब चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस, 2 वोटर कार्ड, डिलीटेड नाम को लेकर मांगा जवाब
Tejashwi Yadav 2 voter ID EPIC number Row: : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद (RJD) नेता तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दो अलग-अलग वोटर आईडी और EPIC नंबर रखने के मामले में निर्वाचन आयोग ने उन्हें नोटिस जारी किया है और तय समय सीमा के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। दरअसल तेजस्वी यादव ने 2 अगस्त 2025 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि उनका नाम बिहार की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है।
तेजस्वी यादव ने इस दौरान अपना EPIC नंबर RAB2916120 सार्वजनिक रूप से दिखाया और निर्वाचन आयोग की ऐप पर दर्ज करने पर "No Records Found" का मैसेज दिखाया। अब आयोग को शक है कि तेजस्वी द्वारा दिखाया गया EPIC नंबर (RAB2916120) या तो फर्जी है या कभी जारी ही नहीं हुआ। इसी आधार पर आयोग ने तेजस्वी को नोटिस भेजते हुए EPIC कार्ड की जानकारी और मूल प्रति प्रस्तुत करने को कहा है। आयोग ने तेजस्वी से वोटर लिस्ट से हटाए गए नाम पर अपना दावा साबित करने को भी कहा है।

क्या कहा चुनाव आयोग ने नोटिस में?
चुनाव आयोग ने नोटिस में लिखा है, "प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपने दावा किया कि आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है और आपने EPIC नंबर RAB2916120 दिखाया। प्रारंभिक जांच में यह EPIC नंबर वैध प्रतीत नहीं होता। कृपया इस कार्ड की जानकारी और मूल प्रति आयोग को प्रस्तुत करें ताकि इसकी गहन जांच की जा सके।"

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह मामला या तो मतदाता सूची में डुप्लीकेट एंट्री का हो सकता है या फिर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से जुड़ा है। इसी वजह से आयोग इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जो दूसरा EPIC नंबर सामने आया है, क्या वह वास्तव में आयोग की ओर से वैध रूप से जारी किया गया था या नहीं।
तेजस्वी यादव को भेजे गए नोटिस में लिखा,
''02 अगस्त 2025 को आपने (तेजस्वी) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी जिसमें कहा कि आपका नाम बिहार की नई वोटर लिस्ट (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) में नहीं है। इस दावे की जांच के बाद चुनाव आयोग को पता चला कि नाम मतदान केंद्र संख्या 204 (जो कि बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय है) की वोटर लिस्ट में क्रम संख्या 416 पर दर्ज है। उस वोटर आईडी कार्ड का EPIC नंबर है RAB0456228। लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपने (तेजस्वी) जो EPIC नंबर बताया, वो था RAB2916120। प्रारंभिक जांच में यह नंबर आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया लगता है। इसलिए अनुरोध किया जाता है कि वो प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताए गए उस EPIC कार्ड (RAB2916120) की पूरी जानकारी और उसकी मूल कॉपी (Original Card) जल्द से जल्द आयोग को उपलब्ध कराएं, ताकि इस मामले की गहराई से जांच की जा सके।''
EPIC नंबर एक 10 अंकों वाला यूनिक नंबर होता है। आयोग ने 1 सितंबर तक दावों और आपत्तियों का समय दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक अभी तक तेजस्वी यादव की ओर से किसी ने वोटर लिस्ट को लेकर लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।
भाजपा ने पूरे मामले पर क्या कहा?
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने कहा, "तेजस्वी यादव ने क्या शपथ पत्र में झूठ बोला? क्या उन्होंने चुनाव आयोग को गुमराह किया? ये अपराध की श्रेणी में आता है। अगर किसी नेता के पास दो वोटर कार्ड हैं तो पार्टी कार्यकर्ताओं की स्थिति क्या होगी?"
वहीं विपक्ष इसे आयोग की "टारगेटेड कार्रवाई" बता रहा है। लेकिन चुनाव आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications